भारत
भाजपा के कद्दावर नेता लालकृष्ण आडवाणी ICU में भर्ती, इस अस्पताल में चल रहा इलाज
jantaserishta.com
15 Dec 2024 11:22 AM IST

x
फाइल फोटो
नई दिल्ली: देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता लालकृष्ण आडवाणी का दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है. वे फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है. पिछले दो सप्ताह से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, जिसके बाद उन्हें इंद्रप्रस्थ अपोलो में भर्ती कराया गया था.
इंद्रप्रस्थ अपोलो की ओर से शनिवार को जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, लालकृष्ण आडवाणी को मेडिकल मैनेजमेंट और जांच के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. वे सीनियर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में हैं और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है.
हालांकि अस्पताल ने ये नहीं बताया कि उन्हें किस वजह से आईसीयू में एडमिट कराना पड़ा. एक सूत्र ने बताया कि 97 वर्षीय एलके आडवाणी को दो दिन पहले अस्पताल लाया गया था. इस साल अगस्त महीने में भी आडवाणी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तब वे न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी के ऑब्जर्वेशन में रहे थे और सेहत में सुधार होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था.
उसके एक महीने पहले 26 जून की रात उन्हें दिल्ली एम्स के यूरोलॉजी डिपार्टमेंट में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. उनका इलाज डॉ. अमलेश सेठ की निगरानी में किया गया था और वह अगले दिन डिस्चार्ज हो गए थे.
बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर, 1927 को कराची (जो वर्तमान पाकिस्तान में है) में हुआ था. उन्होंने 8 नवंबर को अपना 97वां जन्मदिन मनाया था. आडवाणी 1942 में एक स्वयंसेवक के रूप में आरएसएस से जुड़े. वह 1986 से 1990 तक, फिर 1993 से 1998 तक और 2004 से 2005 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे.
आडवाणी भाजपा की स्थापना (6 अप्रैल, 1980) के बाद से सबसे लंबे समय तक पार्टी के अध्यक्ष के रूप में काम करने वाले नेता रहे हैं. उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में 1999 से 2005 तक भारत के गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया.
साल 2009 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था, लेकिन पार्टी को जीत नहीं मिली. लालकृष्ण आडवाणी को 30 मार्च, 2024 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा भारत रत्न से सम्मानित किया गया था.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





