भारत

15 अगस्त में अभेद होगी सुरक्षा, चार्टर्ड फ्लाइट्स पर लगी रोक, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

jantaserishta.com
14 Aug 2021 2:48 PM IST
15 अगस्त में अभेद होगी सुरक्षा, चार्टर्ड फ्लाइट्स पर लगी रोक, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
x

फाइल फोटो 

75वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के मद्देनजर जहां दिल्ली-एनसीआर के साथ ही देशभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कड़ी निगरानी की जा रही है। सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए दिल्ली हवाईअड्डे से आने-जाने वाली उड़ानों पर सख्ती बढ़ा दी गई है।

एयरमैन (NOTAM) द्वारा दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के लिए जारी किए गए नोटिस के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को चार्टर्ड (बिना-शेड्यूल) फ्लाइट्स के लिए किसी भी ट्रांजिट फ्लाइट को सुबह 6:00 बजे से 10:00 बजे और शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे के बीच उतरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शेड्यूल फ्लाइट्स अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उडे़ंगी। साथ ही, भारतीय वायु सेना (IAF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), सेना के हेलीकॉप्टर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और राज्य सरकारों के विमान / हेलीकॉप्टर राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ उड़ान भर सकते हैं।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती के बीच पुलिस के आला अधिकारी और दिल्ली से लगी सीमाओं, होटलों, गेस्ट हाउसों, मॉल, भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेट्रो स्टेशन पर सघन जांच कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली में दाखिल होने वाले वाले हर वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुचारू रूप से वाहनों की आवाजाही जारी रखने को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
डीसीपी (द्वारका) संतोष कुमार मीणा ने कहा कि 15 अगस्त के चलते पुलिस की नियमित तैनाती के अलावा किरायेदारों, नौकरों की वेरिफिकेशन और साइबर कैफे की जांच की जा रही है। हम विदेशी नागरिकों की भी जांच कर रहे हैं और अवैध रूप से रह रहे विदेशी लोगों के खिलाफ भी हमने बड़ी संख्या में कार्रवाई की है। जिन जगहों से ड्रोन को ऑपरेट किया जा सकता है, हम उनकी भी निगरानी कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की ताकि राजधानी में सुचारू रूप से वाहनों की आवाजाही जारी रहे। ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के दिन लाल किला के आसपास आम लोगों के लिए यातायात सुबह चार बजे से सुबह दस बजे तक बंद रहेगा और यह केवल अधिकृत वाहनों के लिए खुला रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला से देश को संबोधित करेंगे।
इसने कहा कि आठ सड़कें- नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियान रोड, एस पी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग, एस्प्लानेड रोड और नेताजी सुभाष मार्ग तक जाने वाला इसका लिंक रोड, राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड, आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर तक बाहरी रिंग रोड 15 अगस्त की सुबह चार बजे से सुबह दस बजे तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा।
एडवाइजरी में कहा गया है कि बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को सलाह दी गई है कि इंडिया गेट के सी-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, सुभाष मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन और आईएसबीटी पुल के बीच रिंग रोड, आईपी फ्लाईओवर बायपास से आईएसबीटी तक बाहरी रिंग रोड की तरफ जाने से बचें।
उत्तर-दक्षिण की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि अरबिंदो मार्ग-सफदरजंग रोड, कनॉट प्लेस- मिंटो रोड और यमुना पुश्ता रोड-जीटी रोड पार करने के लिए निजामुद्दीन पुल से वैकल्पिक मार्ग का चुनाव करें। वहीं, पूर्वी-पश्चिमी कॉरिडोर के लिए वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि डीएनडी-एनएच24-विकास मार्ग, विकास मार्ग-डीडीयू मार्ग और बोलवार्ड रोड-बरफ खाना से वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।
एडवाइजरी में कहा गया है कि गीता कॉलोनी पुल से शांतिवन के लिए रोड बंद रहेगा और वाहनों को आईएसबीटी कश्मीरी गेट से शांतिवन की तरफ लोअर रिंग रोड तथा आईपी फ्लाईओवर से राजघाट की तरफ से जाने की अनुमति नहीं होगी। माल ढोने वाले वाहनों को 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन पुल और वजीराबाद पुल के बीच आवागमन की अनुमति नहीं होगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक अंतरराज्यीय बसों के संचालन की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के नजदीक रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनल और अस्पतालों के लिए वैकल्पिक मार्ग खुले रहेंगे।


jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story