भारत

मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित प्रारूप प्रकाशन 06 जनवरी को

Tara Tandi
8 Dec 2023 12:57 PM GMT
मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित प्रारूप प्रकाशन 06 जनवरी को
x

बाड़मेर । विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटो युक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया गया है। समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 06 जनवरी, 2024 को किया जाएगा, जबकि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 08 फरवरी, 2024 को होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अर्हता दिनांक एक जनवरी, 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे प्रारूप प्रकाशन की तिथि से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 में अपने दावे प्रस्तुत कर सकते है एवं नाम हटवाने व संशोधन करवाने के लिए प्रपत्र-7, प्रपत्र-8 में आवेदन कर सकते है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक वर्ष 01 जनवरी को आधार मानते हुए मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाता रहा है। इसी क्रम में 01 जनवरी, 2024 को आधार मानते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। आयोग द्वारा दिये गये नवीनतम संशोधनों व दिशा निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु अर्हता दिनांक 01 जनवरी के स्थान पर वर्ष में चार बार एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर निर्धारित की गई है, जिनके दावें प्रपत्र-6 में प्रारूप प्रकाशन की तिथि से अग्रिम रूप से प्राप्त किए जायेगें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी, 2024 की अर्हता के संदर्भ में एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 06 जनवरी, 2024 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां 06 जनवरी से 22 जनवरी, 2024 तक प्राप्त की जाएंगी। मतदाता सूचियों के संबंधित भाग की प्रविष्टियों का ग्राम सभा, स्थानीय निकाय एवं आवासीय वेलफेयर सोसाइटी के साथ बैठक आयोजित कर पठन एवं सत्यापन का कार्य 20 जनवरी, 2024 को किया जाएगा। राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं के साथ दावे एवं आपतियों के आवेदन पत्र प्राप्त करने के लिए समस्त मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान 21 जनवरी, 2024 को आयोजित होगा। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 02 फरवरी, 2024 तक किया जा सकेगा। 06 फरवरी, 2024 तक हेल्थ पैरामीटरों की जांच एवं मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति लेकर डेटाबेस को अद्यतन करना एवं पूरक मतदाता सूची का मुद्रण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 08 फरवरी, 2024 को किया जाएगा।
-0-

नोट- खबरों की अपडेट के लिए जनता से रिश्ता पर बने रहे।

Next Story