भारत
स्कॉर्पियो ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत 3 घायल, चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े
jantaserishta.com
11 March 2025 12:00 PM IST

x
फोटो: सोशल मीडिया
स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए.
रांची: रांची शहर के कोकर में मंगलवार तड़के तीन बजे एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए रिम्स में दाखिल कराया गया है। सभी युवक जमशेदपुर से रांची एक वैवाहिक समारोह में भाग लेने आए थे और इसके बाद स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। कोकर में रामलखन सिंह यादव कॉलेज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो में फंसे सभी छह लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर रिम्स ले जाया गया। डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अग्नि बेसरा, सुजीत सिंकू और पृथ्वी सहदेव के रूप में हुई है। इनमें एक अग्नि बेसरा सरायकेला निवासी भाजपा नेता बास्को बेसरा का पुत्र था। वह रांची स्थित एक्सआईएसएस (जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस) में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। उसके छोटे भाई अनमोल बेसरा की भी 4 अगस्त 2023 को एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
युवकों की मौत की खबर पाकर उनके परिजन जमशेदपुर से रांची पहुंचे हैं। मृतकों के शवों का रिम्स में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। सड़क सुरक्षा विभाग की हाल में आई रिपोर्ट के मुताबिक, रांची जिले में सड़क हादसों में हर महीने 25 से 30 लोगों की जान जा रही है। वर्ष 2024 में यहां सड़क हादसों में कुल 485 लोगों ने जान गंवाई थी, जबकि इसके पहले वर्ष 2023 में 458 लोगों की मौत हुई थी। 2024 में सड़क हादसों में 352 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि वर्ष 2023 में ऐसे लोगों की संख्या 406 थी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





