भारत

फिल्मी स्टाइल में स्कूटी चोरी, घायल मरीज बनकर एंबुलेंस से पहुंचा चोर

Shantanu Roy
24 April 2026 5:31 PM IST
फिल्मी स्टाइल में स्कूटी चोरी, घायल मरीज बनकर एंबुलेंस से पहुंचा चोर
x
Shahdol. शहडोल। शहडोल जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक चौंकाने वाला और फिल्मी अंदाज का स्कूटी चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक शातिर चोर ने खुद को घायल मरीज बताकर 108 एंबुलेंस बुलवाई और अस्पताल पहुंचते ही ANM की स्कूटी लेकर फरार हो गया। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ ANM संगीता सिंह ने अपनी स्कूटी (MP 19 MW 4655) अस्पताल की पार्किंग में खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटीं तो स्कूटी गायब मिली। पहले तो स्टाफ को लगा कि शायद किसी ने गलती से दूसरी जगह खड़ी कर दी होगी, लेकिन जब CCTV फुटेज खंगाला गया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
फुटेज में देखा गया कि एक 108 एंबुलेंस अस्पताल परिसर में पहुंचती है, जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे। इनमें से एक व्यक्ति, जिसकी पहचान खामिडोल निवासी रामानंद तिवारी के रूप में हुई है, एंबुलेंस से उतरते समय लंगड़ाकर चल रहा था और खुद को गंभीर घायल मरीज के रूप में पेश कर रहा था। वह मेडिकल स्टाफ से इलाज और एमएलसी की बात करता है, जिससे सभी को लगता है कि वह असली मरीज है। लेकिन कुछ ही देर बाद वही व्यक्ति पूरी तरह सामान्य तरीके से चलता हुआ नजर आता है। इसके बाद वह सीधे पार्किंग की ओर जाता है और ANM की स्कूटी स्टार्ट कर फरार हो जाता है। इस दौरान एंबुलेंस चालक और उसके साथी भी वहां से चले जाते हैं। इस पूरी वारदात ने अस्पताल स्टाफ को हैरान कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही ANM संगीता सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को इस मामले में 108 एंबुलेंस चालक की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है। इसी आधार पर पुलिस ने चालक अशोक बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि आरोपी ने फोन कर खुद को एक्सीडेंट पीड़ित बताया था और इलाज के लिए एंबुलेंस बुलाई थी। थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि जैतपुर क्षेत्र का एक व्यक्ति 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल आया था और वहीं से ANM की स्कूटी चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही एंबुलेंस चालक की भूमिका की भी विस्तार से जांच की जा रही है कि कहीं इस पूरी घटना में उसकी कोई मिलीभगत तो नहीं थी। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि अगर अस्पताल जैसे सुरक्षित स्थान पर इस तरह की चोरी हो सकती है तो आम जगहों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे एक बेहद शातिर और फिल्मी अंदाज की चोरी बता रहे हैं।
Next Story