भारत

उत्तराखंड के चंपावत में येलो अलर्ट के चलते स्कूलों में छुट्टी, ऑनलाइन चलेगी क्लास

jantaserishta.com
1 Sept 2026 8:37 AM IST
उत्तराखंड के चंपावत में येलो अलर्ट के चलते स्कूलों में छुट्टी, ऑनलाइन चलेगी क्लास
x
चंपावत: उत्तराखंड में मौसम विभाग के येलो अलर्ट को देखते हुए चंपावत जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। जनपद के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में मंगलवार (1 सितंबर, 2026) को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, इस आदेश से टनकपुर और बनबसा क्षेत्र को बाहर रखा गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मनीष कुमार के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 1 सितंबर 2026 को चंपावत जनपद में कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने चंपावत के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जिले में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के समस्त शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। यह आदेश केवल टनकपुर और बनबसा को छोड़कर पूरे जनपद में लागू होगा।
छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए प्रशासन ने ऑनलाइन शिक्षण जारी रखने के निर्देश दिए हैं। व्यापक छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इस दौरान शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा, ताकि बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी चंपावत और जिला कार्यक्रम अधिकारी चंपावत को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश हो रही है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story