भारत
स्कूली छात्रा की आत्महत्या का मामला, कोरियन कनेक्शन से उलझन में पुलिस
jantaserishta.com
6 Feb 2026 3:25 PM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
पुलिस और स्कूल प्रशासन अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाए हैं.
कोच्चि: केरल के कोच्चि के पास चोट्टानिक्करा में 16 साल की एक स्कूली छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस और स्कूल प्रशासन अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाए हैं। छात्रा का शव उसके घर के पास एक सुनसान ग्रेनाइट खदान में मिलने के 10 दिन बाद भी कई सवाल बने हुए हैं।
इस मामले में सामने आए कथित “कोरियाई कनेक्शन” ने पुलिस, शिक्षकों और अभिभावकों सभी को उलझन में डाल दिया है। लड़की सुबह घर से यह कहकर निकली थी कि वह स्कूल जा रही है। लेकिन, बाद में उसका शव पानी से भरी खदान में मिला। इससे उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतका की पहचान आदित्य (16) के रूप में हुई है। वह महेश और रम्या की बेटी थी और पास के एक स्कूल में पढ़ती थी। जांच अधिकारियों का कहना है कि अहम डिजिटल सबूतों की जांच में देरी और घटना से जुड़े एक ऑनलाइन अकाउंट की सच्चाई को लेकर संदेह के कारण मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
लड़की के स्कूल बैग से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि वह इंस्टाग्राम के जरिए मिले एक कोरियाई दोस्त की मौत से गहरे सदमे में थी। इसी मानसिक तनाव के कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। नोट के अनुसार, वह 1 जनवरी को उस व्यक्ति के संपर्क में आई थी और 19 जनवरी के आसपास उसे उसकी मौत की जानकारी मिली थी।
हालांकि, घटना के एक हफ्ते बाद भी पुलिस लड़की के मोबाइल फोन को अब तक एक्सेस या जांच नहीं कर पाई है, जिससे शिक्षकों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस को इस बात का भी गंभीर शक है कि जिस इंस्टाग्राम अकाउंट का जिक्र किया गया है, वह फर्जी हो सकता है।
शिक्षकों का कहना है कि उस इंस्टाग्राम अकाउंट के केवल 12 फॉलोअर्स थे। इससे यह दावा गलत साबित होता है कि वह किसी लोकप्रिय कोरियाई व्यक्ति का अकाउंट था। शिक्षकों और अन्य एजुकेटर्स ने चिंता जताई है कि आजकल कई बच्चे ऐसे ऑनलाइन “कोरियन रोमांस” के जाल में फंस सकते हैं। इसमें कथित तौर पर नकली प्रोफाइल बनाकर विदेशी सेलिब्रिटी के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि किशोरों को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया जा सके। लगभग ढाई पन्नों का सुसाइड नोट अंग्रेजी और कोरियाई भाषा में लिखा गया था।
नोट में लड़की ने अपने माता-पिता को छोड़ने के लिए गहरा दुख जताया है। लेकिन, यह भी लिखा है कि वह अपने दोस्त की कथित मौत से हुए दर्द को सहन नहीं कर पा रही थी। पुलिस ने बताया कि लड़की की एक किताब में कोरियाई भाषा में लिखे कुछ नोट्स भी मिले हैं। इन कोरियाई हिस्सों का अभी अनुवाद किया जा रहा है।
आदित्य चोत्तानिक्करा गवर्नमेंट वोकेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल में लैब टेक्नीशियन कोर्स के पहले वर्ष की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और अब साइबर व फॉरेंसिक पहलुओं की भी गहराई से जांच की जाएगी।
Tagsकेरलकेरल न्यूज़केरल पुलिसस्कूली छात्रा आत्महत्याकोरियन कनेक्शनKeralaKerala NewsKerala Policeschoolgirl suicideKorean connection
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





