स्कूल चौकीदार यौन शोषण मामले में गिरफ्तार, कैंटीन में 2 छात्रों के साथ गंदा काम

महाराष्ट्र। पालघर जिले के विरार इलाके में एक स्कूल के 53 वर्षीय चौकीदार को दो नाबालिग छात्रों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यह गंभीर मामला तब सामने आया जब स्कूल प्रबंधन ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान रेमंड विल्सन डियास के रूप में हुई है, जो स्कूल में चौकीदार के पद पर कार्यरत था. यह कथित घटनाएं 15 जून से 20 जून 2025 के बीच स्कूल की कैंटीन में हुईं.
अरनाला पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल के प्रबंधक की ओर से शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 और पॉक्सो एक्ट की धारा 5, 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है. धारा 5 और 8 में गंभीर प्रकार के यौन अपराध शामिल हैं.
पीड़ित छात्रों की उम्र क्रमश: 17 और 15 साल है और दोनों उसी स्कूल में पढ़ते हैं जहां आरोपी चौकीदार के रूप में कार्यरत था. पीड़ित बच्चों ने स्कूल प्रबंधन को आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत पुलिस में मामला दर्ज कराया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी को शनिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. बच्चों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और मेडिकल जांच की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है.





