भारत

राजधानी में मौत का मंजर, जर्जर पानी की टंकी गिरने से मचा हड़कंप

SHIDDHANT
9 Sept 2026 8:22 PM IST
राजधानी में मौत का मंजर, जर्जर पानी की टंकी गिरने से मचा हड़कंप
x
मौत बनकर गिरी पुरानी पानी की टंकी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
Ranchi रांची। झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली थाना के पीछे रेडियम रोड इलाके में एक पुरानी और जर्जर पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय आसपास निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके कारण कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस और बचाव दल ने मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई है। अभियान के दौरान एक मजदूर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टंकी काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। अचानक टंकी गिरने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। निर्माण कार्य में लगे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह घेर लिया है और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो। अधिकारियों की निगरानी में मलबा हटाने और दबे हुए लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रांची विधायक सीपी सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली।
फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि पुरानी टंकी गिरने के पीछे क्या कारण रहे और निर्माण कार्य का इससे कोई संबंध था या नहीं। इस घटना ने राजधानी में जर्जर इमारतों और पुरानी संरचनाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
Next Story