
New Delhi नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को देश में पांच वर्षीय कानून पाठ्यक्रमों की समीक्षा के लिए विधि शिक्षा आयोग या विशेषज्ञ समिति के गठन की मांग करने वाली जनहित याचिका को पहले से लंबित एक मामले के साथ जोड़ने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने याचिका पर नोटिस जारी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह याचिका पहले से लंबित एक समान विषय वाली याचिका के साथ सुनवाई के लिए जोड़ी जाएगी।
वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह के माध्यम से दायर याचिका में कहा गया है कि नई शिक्षा नीति 2020 में अधिकांश व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की अवधि चार वर्ष करने की सिफारिश की गई है, जबकि बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने कानून पाठ्यक्रमों की अवधि, पाठ्यक्रम संरचना और पाठ्यक्रम की समीक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।
याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध्याय का कहना है कि बीए-एलएलबी और बीबीए-एलएलबी जैसे पांच वर्षीय पाठ्यक्रमों की अवधि कोर्स सामग्री की तुलना में असमानुपातिक है और इससे छात्रों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ता है।





