भारत

SBI की मिनी-ब्रांच में लूट, पिस्टल अड़ाकर कैश भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश

Nil dhankar
8 Feb 2026 7:04 AM IST
SBI की मिनी-ब्रांच में लूट, पिस्टल अड़ाकर कैश भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश
x
पढ़े पूरी खबर

जयपुर। चित्रकूट इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े हथियार के दम पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया. यहां एसबीआई कियोस्क पर दो बदमाश पिस्टल दिखाकर संचालक को धमकाते हुए नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए. हालांकि बदमाश ज्यादा दूर तक भाग नहीं पाए, क्योंकि इलाके के सतर्क लोगों ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया और दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

यह वारदात शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है. जानकारी के अनुसार चित्रकूट इलाके में स्थित एसबीआई कियोस्क पर दो युवक हेलमेट पहनकर पहुंचे. पहले तो उन्होंने सामान्य ग्राहक की तरह कियोस्क में प्रवेश किया, लेकिन कुछ ही पलों में उन्होंने पिस्टल निकालकर संचालक हेमंत कपूर को धमकाना शुरू कर दिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से संचालक घबरा गए और बदमाश उनके पास रखा नोटों से भरा बैग छीनकर मौके से भाग निकले. बैग में करीब 1 लाख 20 हजार रुपए नकद थे. जैसे ही बदमाश भागे, कियोस्क के बाहर और आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ. लोगों ने बिना समय गंवाए बदमाशों का पीछा किया. कुछ ही दूरी पर दोनों लुटेरों को पकड़ लिया गया. इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने लूटा गया बैग भी बरामद कर लिया है. पूरी वारदात घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज सामने आई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है.

Next Story