भारत
'सॉरी दीदी' बोलता...यूट्यूबर गिरफ्तार, हैरान करने वाली करतूत का खुलासा
jantaserishta.com
28 Jun 2026 3:37 PM IST

x
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर व्यूज और फॉलोअर्स की होड़ अब खतरनाक होती जा रही है. वायरल होने और ज्यादा कमाई के लिए कुछ लोग ऐसी हरकतें कर रहे हैं, जो सीधे कानून की सीमा लांघ रही हैं. दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है, जिस पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को सड़क पर जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय गुरमन सिंह के रूप में हुई है. वह 'रोड सेफ्टी वाला' नाम से यूट्यूब और फेसबुक पर वीडियो बनाता था. आरोप है कि वह महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की स्कूटी या बाइक में जानबूझकर टक्कर मारता, फिर 'सॉरी दीदी' कहकर माफी मांगता और पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर व्यूज, फॉलोअर्स और कमाई बढ़ाने की कोशिश करता था.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी सड़क पर अकेली महिला राइडर्स, पीछे बैठी महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाता था. वह जानबूझकर उनकी स्कूटी या बाइक में पीछे से टक्कर मारता था.
शक से बचने के लिए वह तुरंत 'सॉरी दीदी' कहकर माफी मांगता था. इसी दौरान पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड कर ली जाती थी. बाद में इन वीडियो को बिना अनुमति यूट्यूब और फेसबुक पर अपलोड कर दिया जाता था, ताकि ज्यादा व्यूज, फॉलोअर्स और कमाई हो सके.
यह मामला 2 जून को सामने आया, जब एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दो लोगों ने उसकी नाबालिग बेटियों की स्कूटी में जानबूझकर पीछे से टक्कर मार दी.शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी लड़कियों का पीछा करते रहे, उन पर अभद्र टिप्पणियां कीं और अपशब्द भी कहे.कुछ दिन बाद परिवार को पता चला कि उनकी बेटियों के वीडियो बिना अनुमति यूट्यूब और फेसबुक पर अपलोड कर दिए गए हैं.
शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.जांच के दौरान पुलिस ने गुरमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि वह यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाकर और भी वीडियो बनाए थे.
पुलिस का आरोप है कि आरोपी का मकसद सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा व्यूज, फॉलोअर्स और कमाई हासिल करना था. इसके लिए वह महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाकर उनकी जानकारी और सहमति के बिना वीडियो रिकॉर्ड करता और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा कर देता था.यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में कुछ लोग किस हद तक जा सकते हैं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





