संदीप भारद्वाज सुसाइड मामला, मनोज तिवारी बोले - इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए

दिल्ली। आम आदमी पार्टी की ट्रेड विंग के सेक्रेटरी संदीप भारद्वाज ने गुरुवार को सुसाइड कर लिया था. राजौरी गार्डन स्थित अपने घर में उन्होंने फांसी लगा लीथी. हालांकि अब तक सुसाइड की वजहों के बारे में जानकारी नहीं मिली है. एक ओर बीजेपी उनकी सुसाइड को एमसीडी में टिकट को लेकर जोड़ रही है तो वहीं आप ने इन आरोपों को नकार दिया है.
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने संदीप भारद्वाज की सुसाइड को लेकर आप को घेरते हुए कहा कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन ऐसे केस और नहीं होने चाहिए. ये सुसाइड नहीं मर्डर का केस है. उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप भारद्वाज, जो कि AAP के संस्थापक सदस्यों में से एक थे. वह टिकट चाहते थे, लेकिन उनके क्षेत्र का टिकट बेच दिया गया. किसी अंजलि राय के बेटे का टिकट दिया गया. ऐसे में संदीप विश्वासघात नहीं झेल पाए और सुसाइड के लिए मजबूर हो गए.
मनोज तिवारी ने कहा कि हाल ही में आप के एक विधायक को टिकट बेचने के आरोप में पीटा गया, दिल्ली में हमें ऐसी उम्मीद नहीं थी. बीजेपी मूक दर्शक नहीं बन सकती, हमें हर दिल्लीवासी की सुरक्षा की चिंता है. आप के शीर्ष नेताओं की इंसानियत मर चुकी है, ऐसे मुद्दों पर बात करने के बजाय वे हमेशा स्क्रिप्ट पर बोलते हैं. क्या राजनीति में काम करने की इच्छा रखने वाले लोग मरते रहेंगे? क्या अरविंद केजरीवाल ऐसे कार्यकर्ता को आत्महत्या की ओर धकेलते रहेंगे? संदीप भारद्वाज ने आत्महत्या नहीं की, यह एक हत्या थी. इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए.





