भारत

सैलरी नहीं मिली, कर्मचारी ने किया हंगामा

Nilmani Pal
21 Jan 2025 7:29 AM IST
सैलरी नहीं मिली, कर्मचारी ने किया हंगामा
x
पढ़े पूरी खबर

लखनऊ। जलकल विभाग में राजस्व वसूली के लिए कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उनके वेतन रोके जा रहे हैं। इससे आजिज आकर जोन-6 के एक कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता से भीख मांगने के लिए दो घंटे का समय दिए जाने की गुहार लगाई है। वहीं एक कर्मचारी की पत्नी ने प्रताड़ित किए जाने से पति को दिल का दौरा पड़ने और स्टेंट लगाने का हवाला देकर पति को दो महीना का बेड रेस्ट दिए जाने का अनुरोध जलकल के जीएम से किया है।

जोन सात के कई कर्मचारियों ने राजस्व कार्य में लगे होने के बावजूद दोहन और उत्पीड़न किए जाने से अब कार्य करने से मना कर दिया है।जलकल के जोन छह के शीतला देवी वार्ड के कर्मचारी राज सिंह ने अधिशासी अभियंता को लिखे पत्र में कहा है कि वह 12 वर्षों से बिल वितरक का कार्य देख रहे हैं। एक साल से शीतला देवी वार्ड में प्रभारी बिल लिपिक का कार्य देख रहे हैं। वह पूरे मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। बावजूद इसके जलकल प्रशासन जोन छह राजस्व वसूली के कार्य में लगे कर्मचारियों की मेहनत को नजरअंदाज कर रहा है। जिसके क्रम में तीन माह में विभिन्न प्रकार से अनेक बार प्रताड़ित किया गया है। उसने दिसंबर में तीन दिन का सीएल लिया पर उसका दिसंबर माह का वेतन रोक दिया गया। मां वृद्ध हैं और पांच अविवाहित बहनें साथ रहती हैं। भरण-पोषण काफी मुश्किल है। अत: प्रार्थी की स्थिति देखते हुए भीख मांगने के लिए समय देने का कष्ट करें।

जलकल जीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि किसी कर्मचारी को प्रताड़ित नहीं किया गया है। राजस्व वसूली का कार्य सरकारी है। यह कर्मचारियों की ड्यूटी है। जो भी लापरवाही बरत रहा है, उसे नियमानुसार नोटिस दिया जा रहा है। राजस्व वसूली को लेकर शारीरिक दोहन और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगा कर जोन सात इंदिरा नगर में कार्यरत पांच कर्मचारियों ने राजस्व वसूली का कार्य करने से मना कर दिया। पत्र में कर्मचारी अनिल पाल, कमलेश सिंह, राजनारायण वर्मा, राजकुमार और अमित कुमार ने जलकल प्रशासन पर तानाशाही, उत्पीड़न और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सभी ने कार्य करने में असमर्थता जताते हुए अन्य कर्मचारियों से कार्य संपादित कराए जाने का अनुरोध महाप्रबंधक से किया है।

Next Story