भारत

ऑपरेशन सिंदूर में S-400 का बड़ा कमाल, 314 KM दूर पाकिस्तानी विमान ढेर

jantaserishta.com
14 Sept 2026 2:13 PM IST
ऑपरेशन सिंदूर में S-400 का बड़ा कमाल, 314 KM दूर पाकिस्तानी विमान ढेर
x
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट.
नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी लंबी दूरी की क्षमता का प्रदर्शन किया था। रक्षा मंत्रालय की ताजा सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना के S-400 सिस्टम ने पाकिस्तान के अंदर 314 किलोमीटर दूर उड़ रहे एक विमान को निशाना बनाकर मार गिराया था। रिपोर्ट में इस विमान को ‘स्पेशल मिशन एयरक्राफ्ट’ बताया गया है। हालांकि, वायुसेना के अधिकारियों के मुताबिक यह पाकिस्तान का AWACS विमान था, जिसे हवा में मौजूद खतरों और टारगेट की पहचान करने वाला हवाई कमांड सेंटर माना जाता है।
314 किमी दूर से विमान को बनाया निशाना
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान S-400 सिस्टम ने पाकिस्तानी विमान से पैदा हुए खतरे को ट्रैक किया। इसके बाद जमीन से हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की मिसाइल को लक्ष्य की ओर गाइड किया गया। मिसाइल ने विमान को निशाना बनाया।
रिपोर्ट में इसे भारत की ओर से सतह से हवा में किया गया सबसे लंबी दूरी का हमला बताया गया है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस कार्रवाई से यह क्षमता सामने आई कि केवल दूरी की वजह से दुश्मन का विमान भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम से सुरक्षित नहीं रह सकता।
यह घटनाक्रम ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय एयर डिफेंस की भूमिका को भी सामने रखता है, जिसमें S-400 ने लंबी दूरी से आने वाले हवाई खतरे को पहचानकर उस पर कार्रवाई की।
S-400 की क्या है खासियत
S-400 ट्रायम्फ रूस में विकसित किया गया एडवांस्ड एयर डिफेंस सिस्टम है। इसे 2007 में लॉन्च किया गया था। यह सिस्टम अलग-अलग तरह के हवाई खतरों से निपटने के लिए बनाया गया है। इसमें फाइटर जेट, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइल, ड्रोन और स्टेल्थ विमानों जैसे लक्ष्यों को निशाना बनाने की क्षमता बताई गई है।
भारत के पास S-400 की तीन ऑपरेशनल स्क्वाड्रन हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एक स्क्वाड्रन में 256 मिसाइल होती हैं और इन स्क्वाड्रनों को अलग-अलग सीमाई क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
पहली स्क्वाड्रन पंजाब में तैनात है। रूस ने भारत को इसकी पहली खेप 2021 में दी थी। इसे पाकिस्तान और चीन दोनों तरफ से आने वाले संभावित खतरों के मद्देनजर तैनात किया गया है। दूसरी स्क्वाड्रन सिक्किम में चीन सीमा के पास है और तीसरी स्क्वाड्रन पश्चिमी सीमा की सुरक्षा को मजबूत करती है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान क्या हुआ
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। 7 से 10 मई के बीच चले इस अभियान में भारतीय सेना ने मिसाइल और ड्रोन के जरिए कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान S-400 ने पाकिस्तान के अंदर काफी दूरी पर उड़ रहे विमान को निशाना बनाया। रिपोर्ट में विमान की पहचान ‘स्पेशल मिशन एयरक्राफ्ट’ के रूप में की गई है, जबकि भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने इसे पाकिस्तान का AWACS विमान बताया था।
पाकिस्तानी एयरस्पेस में सैन्य और नागरिक विमान साथ उड़ रहे थे
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने अपना एयरस्पेस पूरी तरह बंद नहीं किया था और वहां नागरिक उड़ानें भी जारी थीं। ऐसे में सैन्य कार्रवाई के दौरान किसी सिविल विमान के प्रभावित होने का खतरा मौजूद था।
भारतीय वायुसेना के इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम यानी IACCS ने सैन्य और नागरिक रडार से मिली सूचनाओं को एक साथ जोड़ा। इससे आसमान में मौजूद अलग-अलग विमानों की पहचान करने में मदद मिली।
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में भारत की रणनीति को सैन्य ताकत के जरिए दबाव बनाने वाली रणनीति के रूप में बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सटीक सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से तनाव कम करने और दुश्मनी खत्म करने की अपील की गई।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story