भारत

रूस ने पहली बार जारी किया क्रोकस सिटी हॉल आतंकी हमले का CCTV फुटेज

SHIDDHANT
14 Oct 2026 10:04 PM IST
रूस ने पहली बार जारी किया क्रोकस सिटी हॉल आतंकी हमले का CCTV फुटेज
x
सामने आए खौफनाक दृश्य
मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को के पास मार्च 2024 में हुए क्रोकस सिटी हॉल आतंकी हमले का नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी अधिकारियों ने 22 मार्च 2024 को हुए इस भीषण हमले की निगरानी कैमरों में रिकॉर्ड तस्वीरें पहली बार सार्वजनिक की हैं। इस हमले में 140 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।
मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क स्थित क्रोकस सिटी हॉल में 22 मार्च 2024 की शाम हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया था। उस समय कॉन्सर्ट हॉल में संगीत कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
हमलावरों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी थी। इसके बाद इमारत में आग लग गई थी। हमले के दौरान कई लोगों की गोली लगने से मौत हुई, जबकि आग और धुएं के कारण भी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट से जुड़े संगठन ISIS-K ने ली थी। अमेरिका और फ्रांस की खुफिया एजेंसियों ने भी हमले के पीछे इसी संगठन का हाथ होने की बात कही थी।
अब करीब ढाई साल बाद निगरानी कैमरों का फुटेज जारी किए जाने से यह घटना फिर चर्चा में आ गई है। हालांकि, हमले के कुछ वीडियो मार्च 2024 में भी सामने आए थे। इनमें घटनास्थल पर मौजूद लोगों और हमलावरों द्वारा रिकॉर्ड किए गए दृश्य शामिल थे। रूस में यह हमला पिछले कई वर्षों की सबसे घातक आतंकी घटनाओं में शामिल रहा है। घटना के बाद रूसी सुरक्षा एजेंसियों ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया था और मामले की जांच शुरू की थी।
Next Story