भारत
बाइक टकराने पर बवाल, छात्रों ने पुलिसकर्मियों को बनाया निशाना, जमकर पिटाई
jantaserishta.com
6 May 2024 4:36 PM IST

x
करीब पांच मिनट तक पुलिसकर्मियों को छात्र पीटते रहे।
गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राम प्रताप शुक्ल छात्रावास के सामने छात्रावासियों ने बाइक टकराने पर दो पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। करीब पांच मिनट तक पुलिसकर्मियों को छात्र पीटते रहे। पिटाई से एक पुलिसकर्मी के चेहरे और सिर पर चोटें आई हैं जबकि दूसरा भी घायल हो गया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया।
सूचना पाकर कैंट थाने की पुलिस मौके पहुंची तब तक आरोपित फरार हो गए। पुलिसवालों ने सड़क का जाम हटवाकर आवागमन बहाल कराया। छात्रों की तलाश में पुलिस छात्रावास भी पहुंची, लेकिन आरोपी नहीं मिले। उधर दरोगा छोटेलाल की तहरीर पर पुलिस ने कुछ छात्रों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
एसएसपी कार्यालय में तैनात एक दरोगा रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे यूनिवर्सिटी चौराहे से मोहद्दीपुर की तरफ बाइक से जा रहे थे। उसी दौरान गोरखपुर विश्वविद्यालय के राम प्रताप शुक्ल छात्रावास से एक छात्र बाइक लेकर निकला। छात्र ने रांग साइड में जैसे ही बाइक मोड़ी दोनों की बाइक में टक्कर हो गई। इससे छात्र बाइक के साथ गिर गया। घटना के बाद पुलिसकर्मी बाइक रोककर दौड़ते हुए छात्र के पास गया और उसकी मदद करने लगा। इसी दौरान तीन-चार छात्रावासी वहां पहुंच गए। उन लोगों ने हॉस्टल में फोन कर दिया कि सड़क पर छात्रावासी का एक्सीडेंट हो गया है। यह सुन कर करीब 25-30 छात्रावासी हॉस्टल से बाहर सड़क पर निकल आए।
उसी दौरान पुलिस ऑफिस के अकाउंट विभाग में तैनात एक और सिपाही उधर से गुजर रहे थे। अपने सीनियर पुलिसकर्मी को देखकर वे भी रुक गए। वे मामला समझ पाते तब तक आठ-दस छात्रों ने मिलकर सिपाही को पीटना शुरू कर दिया। दरोगा ने बीचबचाव किया तो उन्हें भी घेरकर बुरी तरह से पीटा। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया। दोनों पुलिसकर्मियों को बुरी तरह से पीटने के बाद छात्रावासी वापस राम प्रताप शुक्ल छात्रावास में चले गए। इस दौरान करीब पांच मिनट तक लंबा जाम लगा रहा।
पुलिस के मुताबिक बीचबचाव करने गए पुलिसकर्मी को ज्यादा चोटें आई हैं। छात्रों के जाने के बाद इंस्पेक्टर कैंट को घायल पुलिसकर्मियों ने सूचना दी। सूचना पाकर कैंट थाने और विश्वविद्यालय चौकी की पुलिस राम प्रताप शुक्ल छात्रावास के बाहर पहुंच गई। पुलिस को देखकर ज्यादातर छात्रावासी वहां से भाग निकले।
शनिवार की रात हॉस्टल के पीछे झाड़ियों में दो बार आग लग गई थी। दोनों बार फायर ब्रिगेड के साथ ही पुलिसकर्मी भी पहुंचे थे। उस समय छात्र भी बाहर निकल आए थे। शाम को फोटोग्राफी कराई गई थी। दोपहर में मारपीट के दौरान भी किसी ने वीडियो और फोटो बना लिया है। घायल पुलिसकर्मियों ने कई छात्रों को चिह्नित कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।
गोरखपुर के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि पुलिस के साथ इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहरीर के आधार पर आरोपियों पर कैंट थाने में केस दर्ज किया गया है। एफआईआर की कॉपी हॉस्टल वार्डेन और डीन को भेजी जाएगी, ताकि आरोपियों को चिह्नित कर यूनिवर्सिटी प्रशासन अपनी कार्रवाई भी करें। पुलिस भी सख्त कार्रवाई करेगी।
Tagsगोरखपुरगोरखपुर न्यूज़गोरखपुर पुलिसलेटेस्ट न्यूज़हिंदी न्यूज़GorakhpurGorakhpur NewsGorakhpur PoliceLatest NewsHindi News
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





