भारत

बिहार में दिनदहाड़े 30 करोड़ की डकैती...गोल्ड शोरूम में घुसे 9 हथियारबंद बदमाश

SHIDDHANT
18 Nov 2026 9:08 PM IST
बिहार में दिनदहाड़े 30 करोड़ की डकैती...गोल्ड शोरूम में घुसे 9 हथियारबंद बदमाश
x
कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूटे गहने
बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया शहर में बुधवार को दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्ततम सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों की कीमत 30 करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है। हालांकि, वास्तविक रकम की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
हथियार लेकर शोरूम में घुसे 8 से 9 बदमाश
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 8 से 9 हथियारबंद बदमाश सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इस दौरान किसी कर्मचारी ने विरोध करने की कोशिश की तो उसके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने शोरूम में तैनात सुरक्षा गार्ड पर भी हमला किया। पिस्टल के बट से सिर पर वार करने के कारण सुरक्षा गार्ड घायल हो गया।
दोनों फ्लोर से समेट ले गए करोड़ों के आभूषण
बदमाशों ने शोरूम के दोनों फ्लोर पर रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने पूरी वारदात को बेहद कम समय में अंजाम दिया। घटना की जानकारी सामने आते ही शहर में हड़कंप मच गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही डीआईजी के नेतृत्व में एसपी, डीएसपी सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण कर वारदात से जुड़ी जानकारी जुटाई।
30 करोड़ से ज्यादा की लूट का अनुमान
पुलिस के अनुसार, फिलहाल चोरी गए आभूषणों की सही मात्रा और कीमत स्पष्ट नहीं है। शुरुआती अनुमान में लूट की रकम 30 करोड़ रुपए से अधिक होने की आशंका जताई गई है। शोरूम मालिक कर्मचारियों के साथ स्टॉक का मिलान कर रहे हैं। जांच और स्टॉक मिलान के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकड़ा सामने आएगा।
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों ने मामले का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
Next Story