
x
नाहन। नाहन में गोबिंदगढ़ मोहल्ला और वाल्मीकि नगर के दो समुदायों के बीच हुए पथराव व संघर्ष के बाद शनिवार को उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान की उपस्थिति में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक में शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने को लेकर वार्ता हुई। दोनों तरफ से सात-सात प्रतिनिधि दो मर्तबा की वार्ता में शामिल हुए। इस दौरान रविवार से शुरू हो रहे वाल्मीकि प्रकटोत्सव के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में गोबिंदगढ़ मोहल्ला ने हालांकि सहयोग देने का वादा किया, मगर जिला प्रशासन ने ताजा घटनाक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए वाल्मीकि प्रकटोत्सव की शोभायात्रा का रूट बदलने का निर्णय बैठक में लिया। शोभायात्रा परंपरा के अनुसार वाल्मीकि नगर से गोबिंदगढ़ होते हुए दिल्ली गेट से शहर में पहुंचती थी।
वहीं, अब तनाव व संवेदनशील स्थिति के बाद नगर कीर्तन कच्चा टैंक होते हुए रानीताल रूट से होकर निकलेगा। गोबिंदगढ़ मोहल्ला समुदाय और वाल्मीकि समुदाय के बीच प्रशासन के साथ हुई बैठक में स्वागत द्वार के निर्माण अथवा मरम्मत को लेकर विवाद पर अहम निर्देश दिए गए हैं कि दोनों समुदाय स्थिति को यथावत रखेंगे। इस दौरान गोबिंदगढ़ समुदाय की ओर से अमरिंद्र सिंह, प्रताप सिंह सहित कुल सात लोगों ने वार्ता में हिस्सा लिया, जबकि वाल्मीकि समुदाय की ओर से नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा ने बैठकों में भाग लिया। उधर, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि दोनों समुदायों के बीच हुए विवाद और पथराव के बाद अब शांति बनाए रखने के लिए सहमति बनी है।
उन्होंने बताया कि संघर्ष के दौरान कुल 20 लोग चोटिल हुए थे, जिन्हें शनिवार को नाहन अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। उधर, जिला सिरमौर पुलिस ने दोनों समुदायों के बीच हुई पत्थरबाजी को लेकर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस दौरान इक_ा होकर हमला करने, स्थिति नियंत्रण के दौरान पुलिस पर हमला करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने इत्यादि की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र शर्मा और डीएसपी हेडक्वार्टर शक्ति सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने के दौरान समुदायों ने एक-दूसरे पर ईंटों, पत्थरों व बोतलों से पथराव किया, जिसमें तहसीलदार नाहन की गाड़ी का रास्ता रोककर पथराव व डंडों से तोडफ़ोड़ की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब 24 घंटे की पुलिस गश्त बढ़ाई गई है, ताकि शहर में शांति बनी रहे। उधर, पुलिस अब इक_ा होकर एक-दूसरे पर हमला करने वालों की पहचान करने के लिए सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसके बाद आरोपियों को नामजद किया जाएगा।
Next Story





