भारत

नाती-पोतों की उम्र में प्रेम प्रसंग! 40 वर्षीय महिला प्रेमी संग फरार

Shantanu Roy
24 Jun 2026 1:00 PM IST
नाती-पोतों की उम्र में प्रेम प्रसंग! 40 वर्षीय महिला प्रेमी संग फरार
x
पति ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
Chhatarpur. छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक पीड़ित पति ने अपनी पत्नी के लापता होने और मोहल्ले के ही एक युवक के साथ चले जाने की शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी को एक युवक लंबे समय से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था और अब वह उसके साथ घर छोड़कर चली गई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित बबलू कुशवाहा ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर बताया कि उनकी 40 वर्षीय पत्नी किरण कुशवाहा उनके ही मोहल्ले में रहने वाले फरीद खान के संपर्क में आ गई थी।

फरीद खान फर्नीचर पॉलिश का काम करता है और पिछले करीब एक वर्ष से उनकी पत्नी के साथ लगातार संपर्क में था। बबलू का आरोप है कि फरीद उनकी पत्नी को अपने साथ चलने के लिए दबाव बना रहा था। पीड़ित पति का कहना है कि जब उन्हें दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों की जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी पत्नी से इस संबंध में बातचीत की। इसके बाद पत्नी ने घर छोड़ दिया। हालांकि कुछ महीने पहले भी वह इसी तरह घर से चली गई थी, लेकिन पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद वापस लौट आई थी। अब एक बार फिर चार से पांच दिन पहले वह घर से गायब हो गई है और उसके साथ फरीद खान भी अपने घर से लापता बताया जा रहा है।

बबलू कुशवाहा ने बताया कि उनके परिवार में तीन बड़े बच्चे हैं, जिनकी शादियां हो चुकी हैं। इतना ही नहीं, वे नाना-नानी और दादा-दादी भी बन चुके हैं। इसके बावजूद उनकी पत्नी का इस तरह घर छोड़कर चले जाना पूरे परिवार के लिए परेशानी और सामाजिक चर्चा का कारण बन गया है। पीड़ित ने कहा कि यदि उनकी पत्नी अब उनके साथ नहीं रहना चाहती हैं तो वह स्पष्ट रूप से इसकी जानकारी दें, ताकि दोनों कानूनी प्रक्रिया के तहत अलग हो सकें। उनका कहना है कि बार-बार बिना बताए घर छोड़कर चले जाने से परिवार की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और बच्चों को भी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एसपी कार्यालय में दिए गए आवेदन में बबलू ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि फरीद खान ने उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का काम किया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। महिला और संबंधित युवक की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story