भारत
भरे बाजार में दिन दहाड़े ज्वैलरी की दुकान में लूट, वारदात CCTV में कैद
Rounak Dey
10 Dec 2020 7:30 AM IST

x
थाने से महज़ कुछ ही दूरी पर स्थित बड़ा बाजार में स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया.
दरभंगा में नगर थाने से महज़ कुछ ही दूरी पर स्थित बड़ा बाजार में स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया. होल सेल दुकान अलंकार ज्वैलर्स में दिन दहाड़े तकरीबन आधा दर्जन से ज्यादा अपराधियों ने हथियारों के बल पर करीब पांच करोड़ की डकैती को अंजाम दिया. लूट में 10 किलो से ज्यादा सोने के जेवर और लाखों की नगदी भी शामिल है. लूट की घटना को अंजाम देकर भागते समय अपराधियों ने 25 से 30 राउंड फायरिंग भी की और बाइक पर सवार हो कर फरार हो गए.
अपराधी अपने चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे और खुद पहले से ही अपने साथ लूट के सोने और नगदी ले जाने के लिए बैग भी साथ लेकर पहुंचे थे. घटना दिन के करीब दस बजकर तीस मिनट की है और दस से बारह मिनट में अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. हालांकि पूरी घटना अलग-अलग CCTV कैमरों में कैद हो चुकी है. घटना के बाद मौके पर खुद दरभंगा के एसएसपी बाबू राम और IG अजिताभ कुमार भी दल बल के साथ पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली.
अलंकार ज्वैलर्स के मालिक पवन लाट ने बताया की तकरीबन पांच करोड़ की लूट हुई है यह रकम बढ़ सकती है. पांच-छह हथियारबंद अपराधियों ने महज 10 से पंद्रह मिनट में लूट की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए. भागते हुए चोरों ने 25 से 30 राउंड फायरिंग भी की, एक गोली इनके भाई को छूकर निकल गई, घटना दिन के 10 बजकर 30 मिनट पर हुई. अपराधी बंदूक की नोक पर सोने और नगदी को ले गए, चांदी के सामना को नहीं छुआ. जैसे उन्हें पता था कि सोने का सामान कहां रखा है. फिलहाल सभी सामान का मिलान किया जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि लूट आखिर कितने की हुई है.
दूसरी तरफ एसएसपी बाबू राम ने घटना की पुष्टि करते कहा कि जल्द सभी अपराधियों की गिरफ्तारी होगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी कर रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर पुलिस गस्ती में कोई लापरवाही हुई होगी तो पुलिस पर भी कार्रवाई होगी.
Next Story





