
x
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 साल पुराना केस सुलझा
जयपुर। राजस्थान पुलिस ने अजमेर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 साल से फरार एक घोषित अपराधी और डकैती के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दल्ला उर्फ रमेश उर्फ दल्ला बारिया के रूप में हुई है। वह वर्ष 2000 में हुई डकैती के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2000 को मंगलियावास थाना क्षेत्र में एनएच-8 पर स्थित वैष्णो देवी पेट्रोल पंप पर डकैती हुई थी। आरोप है कि दल्ला ने अपने साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल पंप से 1 लाख 64 हजार 513 रुपये नकद लूटे थे और फरार हो गया था।
इस मामले में उसके कई साथियों को बाद में गिरफ्तार कर अदालत में चार्जशीट पेश कर दी गई थी, लेकिन दल्ला पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। नासिराबाद के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था। राजस्थान पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित अपराधियों, वारंटियों और घोषित अपराधियों को पकड़ने के लिए 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अजमेर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की।
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाल के निर्देश पर मंगलियावास थाना प्रभारी हरीश चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में आरोपी की संभावित मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी जुटाई। पुलिसकर्मियों ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नेगड़िया, महेंद्रिखेड़ा और सुल्ला मेहुदा समेत कई गांवों में भेष बदलकर निगरानी की। आरोपी की गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाने और अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की। तकनीकी सत्यापन और पूछताछ के बाद उसकी वास्तविक पहचान की पुष्टि हुई। अब आरोपी को वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया गया है। उससे पुराने मामले और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Next Story





