भारत

कारीगर के घर घुसे लुटेरे, 30 किलो चांदी लूटकर फरार

Nil dhankar
19 April 2026 7:51 AM IST
कारीगर के घर घुसे लुटेरे, 30 किलो चांदी लूटकर फरार
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। आगरा में नगला छदामी (एत्मादुद्दौला) स्थित मंगल विहार कालोनी में शुक्रवार देर रात चांदी कारीगर के घर नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। चोरों की तर्ज पर बदमाश पहले छत काटकर अंदर आए। गृहस्वामी को तमंचे के बल पर बंधक बनाया। दरवाजे खोलकर तीन साथी और अंदर बुला लिए। बदमाश घर में रखी करीब 30 किलोग्राम चांदी ले गए। पुलिस इस मामले को चोरी का बता रही है। चांदी कहां से आई, इसे लेकर भी कारीगर से कई घंटे तक पूछताछ हुई। पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं इलाके में हल्ला है कि डकैती पड़ी है।

घटना मध्यरात्रि के समय की है। मंगल विहार कालोनी रेलवे लाइन के किनारे है। दो मंजिला मकान में राधेश्याम और उनके बेटे रामदत्त व संजय निषाद के परिवार रहते हैं। रामदत्त और संजय की पत्नियां सगी बहनें हैं। दोनों बहनें अपने बच्चों के साथ नेजा चढ़ाने मायके फिरोजाबाद गई थीं। संजय भी उनके साथ गया था। रामदत्त एक कारीगर और दोस्त के साथ गोवर्धन परिक्रमा देने गया था। घर पर राधेश्याम अकेले थे। उनकी पत्नी छोटी देवी कालोनी में ही अपनी बेटी के घर सोने चली गई थीं। राधेश्याम भूतल पर सो रहे थे।

दूसरी मंजिल पर टट्टर के लिए लिंटर में जगह छोड़ी गई थी। सरिया बाहर निकल रही थीं। उस जगह अभी टट्टर नहीं लगा था। पीड़ित के घर के पास ही एक मंदिर है। मंदिर की दीवार से तीन बदमाश छत पर चढ़े। ग्राइंडर से सरिया काटी। पहली मंजिल पर आए। नीचे आकर राधेश्याम को कब्जे में ले लिया। आरोप है कि दो बदमाश तमंचे तानकर खड़े हो गए। राधेश्याम को चारपाई से उठने नहीं दिया। तीसरे बदमाश ने मुख्य दरवाजा खोल दिया।

तीन नकाबपोश बदमाश और घर में आ गए। बदमाशों ने उस कमरे का ताला काटा, जहां चांदी रखी थी। इसके बाद अलमारी खंगाली। महिलाओं के जेवरात भी कब्जे में ले लिए। भागने से पहले बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए। उन्हें पता था कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बदमाशों के भागने के बाद राधेश्याम ने पुलिस को सूचना दी। रात करीब 1 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नकबजनी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है।


Next Story