भारत
शव रखकर 4 घंटे किया जाम, ग्रामीण की मौत के बाद हत्या के आरोप
Shantanu Roy
17 May 2026 3:28 PM IST

x
Neemuch. नीमच। नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में शनिवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब महागढ़ गांव के एक ग्रामीण की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ और परिजनों ने शव को मनासा नाके पर रखकर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मृतक की पहचान महागढ़ निवासी राजमल पुत्र रामकिशन गायरी के रूप में हुई है। शनिवार को उसका शव गांव में ही एक आम के पेड़ पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनासा भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को लेकर मनासा नाके पर पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर राजमल की हत्या का आरोप लगाया और पुलिस पर लापरवाही का भी गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि समय रहते पुलिस ने पहले दर्ज शिकायत पर कार्रवाई की होती, तो यह घटना नहीं होती। जानकारी के अनुसार, गांव महागढ़ में घर के सामने निर्माण सामग्री डालने को लेकर गायरी समाज के दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट की घटना भी हुई, जिसमें राजमल को हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई थीं और फ्रैक्चर हो गया था। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत मनासा थाने में की थी, लेकिन आरोप है कि उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद शुक्रवार शाम से राजमल लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज कराई थी और आशंका जताई थी कि उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। अगले दिन शनिवार को उसका शव पेड़ पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है और शव को पेड़ पर लटकाकर मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश की गई है। इसी मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए और नाके पर जाम लगा दिया। मनासा थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम किरण आंजना मौके पर पहुंचीं और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, साथ ही आर्थिक सहायता देने की भी बात कही।
Tagsजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





