भारत

सड़क हादसा: शादी से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Shantanu Roy
25 April 2026 4:12 PM IST
सड़क हादसा: शादी से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
x
Mau. मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शनिवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब परिवार रांची में बेटी की शादी संपन्न कराकर स्कॉर्पियो से गोरखपुर लौट रहा था। यह दुर्घटना दोहरीघाट थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह करीब 3 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, चलते वाहन में अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई और डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गई और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और बेटे कृतार्थ (27) के रूप में हुई है। ये सभी गोरखपुर के रानीडीहा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वहीं वाहन चला रहे दोनों ड्राइवर नीतीश कुमार (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) बिहार के गया जिले के निवासी थे।
परिवार में अब केवल बेटी मिमांसा ही बची है, जिसकी हाल ही में 20 अप्रैल को शादी हुई थी। शादी की खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल गईं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों और दो ड्राइवरों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कार्रवाई जारी है। यह हादसा एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी और चालक की थकान को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Next Story