भारत
कुढ़नी उपचुनाव परिणाम के बाद राजद नेता ने भी नीतीश से मांगा इस्तीफा
jantaserishta.com
9 Dec 2022 3:00 PM IST

x
पटना (आईएएनएस)| बिहार के कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा की मांग होने लगी है। भाजपा के बाद बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल सबसे बड़े दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक नेता ने भी शुक्रवार को नीतीश से इस्तीफे की मांग कर दी। कुढ़नी से राजद के पूर्व विधायक अनिल सहनी ने उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी की हार के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हार का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनसे अति पिछड़ा वर्ग नाराज है।
उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि कुढ़नी की हार महागठबंधन की नहीं बल्कि नीतीश कुमार की हार है। अब समय आ गया है कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाए। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने से महागठबंधन भी मजबूत होगा।
पूर्व विधायक अनिल सहनी ने यहां तक कह दिया कि राजद ने गठबंधन धर्म का पालन करते हुए जदयू की मांग पर सिटिंग सीट जदयू को सौंप दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुढ़नी उप चुनाव में प्रचार करने भी गए, जबकि हाल में ही गोपालगंज और मोकामा में उप चुनाव में वे प्रचार में नहीं गए थे।
इससे पहले गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने भी नीतीश से इस्तीफे की मांग की थी।
उल्लेखनीय है कि एक मामले में सहनी को अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी, इस कारण कुढ़नी में उप चुनाव हुआ।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





