रेवेन्यू इंस्पेक्टर की मौत, एक और हादसे में 3 युवकों की भी गई जान

यूपी। अमेठी जिले के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं बाराबंकी जिले में सड़क हादसे में काननूगो की मौत हो गई है।
हादसा टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवगंज गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार पूरब दुवारा गांव निवासी राजकुमार के यहां वरीक्षा कार्यक्रम आयोजित था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने गांव निवासी करन पुत्र रमई तथा सुल्तानपुर जनपद के घसीटू का पुरवा निवासी अंकित पुत्र हरीलाल और अर्जुन पुत्र नंदलाल आए थे। तीनों किसी काम से गांव के बाहर गए थे। वापस लौटते समय गांव के कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया।
वहीं बाराबंकी में जैदपुर थाना क्षेत्र के जैदपुर-भानमऊ मार्ग पर शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार कानूनगो की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा एक युवक घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।रामसनेहीं घाट थाना के गोरपुर गांव निवासी हरिशंकर वर्मा (59) नवाबगंज तहसील में कानूनगो के पद पर कार्यरत थे। वह सतरिख क्षेत्र के कानून गो थे। शुक्रवार की सुबह बाइक से ड्यूटी पर आ रहे थे। बाइक पर एक युवक धर्मेंद्र भी बैठा था। इनकी बाइक जैसे ही जैदपुर थाना क्षेत्र में जैदपुर- भानमऊ मार्ग पर पहंुची तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार कानूनगो हरिशंकर वर्मा और धर्मेंद्र घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने कानूनगो को मृत घोषित कर दिया।





