भारत

24 घंटे में खुलासा! अकाउंटेंट से 8 लाख की लूट 6 बदमाश गिरफ्तार

SHIDDHANT
28 Aug 2026 8:06 PM IST
24 घंटे में खुलासा! अकाउंटेंट से 8 लाख की लूट 6 बदमाश गिरफ्तार
x
अकाउंटेंट को घायल कर लूटे लाखों
Farrukhabad फर्रुखाबाद: जिले की पुलिस ने अकाउंटेंट से हुई लाखों रुपये की लूट की वारदात का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 6.70 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब 6:10 बजे नारायण टोबैको कंपनी के अकाउंटेंट/क्लर्क पंकज शर्मा करीब 8 लाख रुपये की नकदी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने तमंचे की बट से वार कर उन्हें घायल किया और नकदी लूटकर फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। एसपी आरती सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों ने 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। जांच में सामने आया कि वारदात में सिर्फ दो लोग नहीं बल्कि कुल सात आरोपी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, नारायण टोबैको कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने अकाउंटेंट के पास आने-जाने वाली नकदी की जानकारी अपने साथियों को दी थी। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर लूट की योजना बनाई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद रकम और हथियार के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां घटना का जल्द खुलासा हुआ, वहीं व्यापारियों और आम लोगों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।
एसपी आरती सिंह ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी घटना में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की मेहनत और तकनीकी जांच के चलते इस लूटकांड को कम समय में सुलझाया जा सका।
Next Story