भारत

रिटायर सब इंस्पेक्टर की हत्या, विवाद होने पर चली गोली

Nilmani Pal
22 March 2022 12:57 AM GMT
रिटायर सब इंस्पेक्टर की हत्या, विवाद होने पर चली गोली
x
मचा हड़कंप

दिल्ली। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में सोमवार रात दिल्ली पुलिस के रिटायर सब इंस्पेक्टर जयवीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रोडरेज को लेकर हुए झगड़े के बाद पुलिस रिटायर दरोगा के बेटे को मेडिकल परीक्षण कराने लेकर गई थी। पीछे से झगड़ा करने वाले लोग घुस आए और वारदात को अंजाम दे डाला। यह घटनाक्रम लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की उत्तरांचल कॉलोनी का है। यह इलाका दिल्ली से एकदम सटा हुआ है। 62 वर्षीय जयवीर सिंह जनवरी-2022 में दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुए थे। उनका बड़ा बेटा दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है, जबकि छोटा बेटा शिवम भी दिल्ली पुलिस में जाने की तैयारी कर रहा है।

सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे उत्तरांचल विहार के लड़कों का दिल्ली के कुछ लड़कों से बाइक टकराने के बाद झगड़ा हो गया। इस दौरान वहां पर शिवम भी मौजूद था। उसी वक्त पुलिस वहां पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही दिल्ली के लड़के अपनी बाइकें छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शिवम को कस्टडी में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। वहीं बाइकों को भी पुलिस ने लोनी बॉर्डर थाने पर मंगवा लिया।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान दिल्ली के लड़के दोबारा से उत्तरांचल कॉलोनी में आए और शिवम के घर में घुसकर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली शिवम के पिता जयवीर सिंह को लग गई। वारदात करके आरोपी भाग निकले। घायल जयवीर सिंह को तुरंत दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस फोर्स मौके पर है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।


Next Story