
यूपी। लखीमपुर खीरी में सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक 12वीं के छात्र की जान पर भारी पड़ गया। तमंचे के साथ वीडियो बनाते समय अचानक चली गोली से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना 30 मार्च की है, जबकि इसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया है, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
जानलेवा रील-
— Narendra Nath Mishra (@iamnarendranath) April 5, 2026
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीड़ी में रील बनाने के दौरान मिसफायर हो गया। युवक अंश झा गंभीर रूप से घायल।
पिछले दिनों दिल्ली में भी इसी तरह रील बनाने में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी! pic.twitter.com/zwyAv0tRln
जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के सुआगाड़ा गांव निवासी अनिल कुमार झा का 17 वर्षीय बेटा अंश कुमार झा 30 मार्च की शाम करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात उसने परिजनों को फोन कर बताया कि वह एक दोस्त की मां के इलाज के लिए लखनऊ गया है।
अगले दिन उसने फिर कॉल कर कहा कि वह वापस लौट रहा है। इसी बीच दोपहर करीब ढाई बजे अंश ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे लखीमपुर के जनशक्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां अंश के दोस्त शुभम कुमार और नितिन सिंह उर्फ मिक्कू समेत अन्य लोग मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई और कहा गया कि अंश पटाखे से जल गया है।
बाद में जब अंश की हालत बिगड़ने लगी तो डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिवार वाले उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक्स-रे जांच में पता चला कि उसके पेट में गोली लगी है। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और 2 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि अंश तमंचे में गोली लोड कर रहा था, तभी अचानक फायर हो जाता है और वह दर्द से चिल्लाते हुए गिर पड़ता है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुभम कुमार और नितिन सिंह समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





