भारत

लाल 'मौत' की फैक्ट्री...नकली सॉस बनाई जा रही थी, ऐसे तैयारी हो रहा था

jantaserishta.com
20 May 2026 9:18 AM IST
लाल मौत की फैक्ट्री...नकली सॉस बनाई जा रही थी, ऐसे तैयारी हो रहा था
x
देखें वीडियो.
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में लोग जिस सॉस को चटखारे लेकर खा रहे थे, वह टमाटर से नहीं, बल्कि एक ऐसी मिलावट से बन रहा था, जिसे सुनकर ही हैरानी होती है. चंडी रोड पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जब एक दुकान पर छापा मारा, तो सामने आई तस्वीर ने सबको चौंका दिया. लाल-लाल दिखने वाला सॉस, जिसे लोग स्वाद समझकर खरीद रहे थे, उसमें टमाटर नाम की चीज लगभग गायब थी.
अधिकारियों के मुताबिक, इस सॉस को बनाने के लिए सोडियम, नमक और गाजर का इस्तेमाल किया जा रहा था. ऊपर से इसे बिल्कुल बाजार वाले ब्रांडेड सॉस जैसा लाल दिखाने के लिए कृत्रिम रंग मिलाया जाता था. यानी बोतल में जो दिख रहा था, वह खाने की चीज कम और मिलावट का खेल ज्यादा था. पैकिंग ऐसी कि पहली नजर में कोई भी धोखा खा जाए.
खाद्य सुरक्षा टीम को शिकायत मिली थी कि इलाके में लंबे समय से नकली सॉस तैयार कर बेचा जा रहा है. इसके बाद टीम ने अचानक छापा मारा. दुकान के अंदर जो मिला, उसने पूरे धंधे की पोल खोल दी. बड़ी मात्रा में तैयार सॉस, केमिकल जैसा कच्चा माल और पैकिंग का सामान मौके पर मिला. अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 30 पेटी सॉस सीज कर दी.
सोचिए, जो सॉस बच्चों के समोसे, चाउमीन, मोमोज और स्नैक्स के साथ रोज खाया जा रहा था, वह असल में किस चीज से बना था. खाने की चीजों में मिलावट की खबरें नई नहीं हैं, लेकिन इस बार मामला सीधे उस सॉस से जुड़ा है जो लगभग हर घर की रसोई में मिल जाता है.
सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार ने बताया कि मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. विभाग यह भी पता लगा रहा है कि यह नकली सॉस शहर के किन-किन बाजारों और दुकानों तक पहुंच चुका था.
इस छापेमारी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या हम जो खा रहे हैं, वह सच में खाना है या सिर्फ रंग, नमक और केमिकल का मिश्रण? हापुड़ की यह कार्रवाई सिर्फ एक दुकान का भंडाफोड़ नहीं, बल्कि उस पूरे मिलावट नेटवर्क की झलक है, जो चुपचाप लोगों की थाली तक पहुंच रहा है. विभाग यह भी जांच कर रहा है कि यह मिलावटी सॉस किन-किन इलाकों में सप्लाई की जा रही थी और कितने समय से यह कारोबार चल रहा था.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story