भारत

प्रदेश के डिपुओं में 25 नवंबर से नहीं मिलेगा राशन

Shantanu Roy
21 Nov 2026 5:39 PM IST
प्रदेश के डिपुओं में 25 नवंबर से नहीं मिलेगा राशन
x
Hamirpur. हमीरपुर। प्रदेश के कई जिलों में इस माह डिपुओं से सस्ता राशन लेने वाले सैकड़ों उपभोक्ताओं को राशन लेने से वंचित रहना पड़ सकता है। दरअसल खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से डिपो धारकों को नवंबर महीने के लिए जो आदेश जारी हुए हैं, उससे तो यही लग रहा है कि अधिकतर उपभोक्ताओं को इस बार राशन नहीं मिलेगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने प्रदेश के डिपो धारकों को इस माह की 25 तारीख को सेल बंद करने के आदेश जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि डिपो धारकों को दी गई नई पॉश मशीनों के ट्रायल की वजह से विभाग ने डिपो धारकों को यह आदेश जारी किए हैं। प्रदेश के कई जिलों में डिपुओं में अभी तक राशन
पहुंचा ही नहीं है।

जानकारों की मानें तो गत गुरुवार को भी सर्वर की समस्या के चलते उपभोक्ताओं को अपना राशन प्राप्त करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। प्रदेशभर में 5300 के करीब उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से हर माह प्रदेशभर के साढ़े 19 लाख कार्ड धारकों को राशन वितरित किया जाता है। प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि अभी तक प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतर डिपुओं में निगम के गोदामों से राशन की सप्लाई ही नहीं हो पाई है कई जिलों में लेबर की कमी का हवाला दिया जा रहा है। राज्य अध्यक्ष ने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग व प्रदेश सरकार से पॉश मशीनों में बैकलॉग का विकल्प डालने की मांग की, ताकि डिपो संचालक इस माह राशन से वंचित उपभोक्ताओं को अगले माह राशन वितरित कर सकें।
Next Story