भारत

तेज रफ्तार डंपर का कहर, बाइक सवार दो युवकों की मौत

Shantanu Roy
19 May 2026 2:19 PM IST
तेज रफ्तार डंपर का कहर, बाइक सवार दो युवकों की मौत
x
जांच में जुटी पुलिस
Jaipur. जयपुर। जयपुर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक उछलकर दूर गिरने से बच गया। यह हादसा दौलतपुरा थाना क्षेत्र में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दौलतपुरा पुलिया के नीचे रात करीब 1 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक जमवारामगढ़ क्षेत्र के रायसर गांव
के रहने वाले थे और जयपुर सरिया लेने के लिए आए थे। काम पूरा करने के बाद वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में महेश कुमार गुर्जर (33) और कैलाश योगी (40) की मौत हो गई।

हादसे में महेश का भाई मुकेश बाइक पर पीछे बैठा था, जो टक्कर के बाद दूर जा गिरा और किसी तरह बच गया। हादसे के बाद मौके पर भयावह स्थिति बन गई। मुकेश अपने घायल साथियों के पास खड़ा होकर मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाता रहा, लेकिन काफी देर तक कोई वाहन चालक नहीं रुका और किसी ने मदद नहीं की। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में टोल एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जयपुर के कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कैलाश योगी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, महेश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक रायसर गांव के बंताला गुर्जरान में अपने घर के निर्माण कार्य के लिए सरिया खरीदने जयपुर आए थे। लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें डंपर की तेज रफ्तार और टक्कर की भयावहता दिखाई दे रही है। दौलतपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया गया है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर निगरानी और स्पीड कंट्रोल के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
Next Story