रामनवमी आज : शहरों में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, ट्रैफिक एडवाइजरी

यूपी। रामनवमी पर अयोध्या राम मंदिर में आज भव्य उत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। रामनगरी सजधज कर तैयार है। राम मंदिर में श्रीराम के प्राकट्य का महापर्व मनाया जाएगा। परम पिता के अवतरण के साक्षी बनने और उनकी झलक पाने को आतुर श्रद्धालुओं का अयोध्या में आगमन होने लगा है। उधर, राम मंदिर से लेकर वैष्णव परम्परा के सभी मंदिरों में प्राकट्योत्सव का उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया है। राम नवमी के पर्व पर मध्याह्न ठीक 12 बजे घंटा-घड़ियाल व नगाड़े की थापों के मध्य रामलला का प्राकट्य होगा। इस अलौकिक क्षण में भगवान के प्राकट्य की आरती होगी। राम मंदिर में महाआरती के साथ-साथ सूर्य किरणों से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। यह अभिषेक जिसे सूर्य तिलक नाम दिया गया है, मध्याह्न 12 बजे से 12.04 तक के लिए होगा।
इसका ट्रायल शनिवार को मध्याह्न 12 बजे तीन मिनट के लिए किया गया लेकिन इस दौरान उतनी देर तक पर्दा लगा दिया गया था जिसके कारण रामलला के दर्शन के लिए गर्भगृह के समक्ष मौजूद श्रद्धालु सूर्य तिलक का दर्शन नहीं कर सके। फिलहाल इस अभिषेक के ट्रायल की पुष्टि मंदिर में मौजूद जिम्मेदार लोगों ने अपनी पहचान न उजागर करने की शर्त पर की। राम मंदिर में सूर्य तिलक की तैयारियों के लिए इसरो व सीबीआरआई के वैज्ञानिकों की टीम ने यहां डेरा डाल रखा है। मुख्य पर्व पर इस सूर्याभिषेक का सजीव प्रसारण दूरदर्शन व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किया जाएगा जिसे भारत ही नहीं पूरी दुनिया में प्रसारित किया जाएगा।
रामनवमी पर सुबह तय समय साढ़े चार बजे मंगल आरती हुई। साढ़े छह बजे से दर्शन शुरू होंगे। रामनवमी के लिए वीआईपी पास नहीं बनाए गए। सुबह साढ़े नौ बजे सबसे पहले रामलला का अभिषेक किया जाएगा। शहद, दुग्ध, घी, सरयू जल, गंध से अभिषेक के अलावा विशेष स्वर्ण जल से भी प्रभु का अभिषेक किया जाएगा।





