राज्यसभा चुनाव 2026 : नामांकन भरने की आखिरी तारीख आज, नीतीश कुमार भी जा रहे राज्यसभा

पटना। बिहार को बहुत जल्द नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। यहां गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र भरना लगभग तय माना जा रहा है, जिसके बाद राज्य में भाजपा का सीएम बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए संभवतः गुरुवार को पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से जुड़े एक सूत्र ने बताया है कि कि जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी मौजूद रहने की उम्मीद है। इससे पहले भाजपा ने राज्यसभा के लिए अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा को लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजे जाने की पुष्टि हो चुकी है।
हालांकि जद(यू) ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। यह खबरें सामने आई हैं कि जद(यू) प्रमुख अपने बेटे के लिए उपमुख्यमंत्री पद के बदले सहयोगी भाजपा को सत्ता सौंप सकते हैं। माना जा रहा है कि पार्टी राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उच्च सदन में नहीं भेजेगी, जबकि 'भारत रत्न' कर्पूरी ठाकुर के पुत्र केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को दोबारा राज्यसभा भेजा जा सकता है।





