भारत
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी से लोकसभा में आकर माफी मांगने की मांग की
jantaserishta.com
13 March 2023 11:58 AM IST

x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयानों को लेकर भाजपा सांसदों और मंत्रियों ने जोरदार हंगामा किया। सोमवार को लोक सभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर जाकर भारत की गरिमा और प्रतिष्ठा को गहरी चोट पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी को सदन में आकर इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने पूरे सदन द्वारा राहुल गांधी के बयान का खंडन करने की मांग भी की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश की है। राहुल ने कहा है कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था तहस-नहस हो रही है और विदेशी ताकतों को यहां पर आकर भारत के लोकतंत्र को बचाना चाहिए, उन्होंने यह कहकर भारत की गरिमा और प्रतिष्ठा को गहरी चोट पहुंचाने का काम किया है इसलिए पूरे सदन के द्वारा उनके व्यवहार का खंडन करना चाहिए। उन्होंने लोक सभा अध्यक्ष से राहुल गांधी को सदन में आकर माफी मांगने का निर्देश देने की भी मांग की।
इस बीच विपक्षी दलों के सांसद अपनी-अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए। सत्ताधारी बेंच की तरफ से कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अपनी-अपनी सीट पर खड़े होकर राहुल गांधी के माफी मांगने की मांग करते रहे।
इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह की मांग को दोहराते हुए कहा कि राहुल गांधी ने विदेश जाकर संसद और लोक सभा अध्यक्ष का भी अपमान किया है इसलिए उन्हें सदन में आकर माफी मांगनी ही चाहिए और पूरे सदन को भी उनके बयान का खंडन करना चाहिए। जोशी ने इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल और मनमोहन सिंह सरकार के समय राहुल गांधी द्वारा फाड़े गए अध्यादेश का जिक्र करते हुए यह भी पूछा कि उस समय लोकतंत्र कहां था?
सदन में हंगामे के बीच लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने प्रश्नकाल की कार्यवाही को चलाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही को दोपहर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
Tagsसंसद बजट सत्रसंसदराहुल गांधीलोकसभाराजनाथ सिंहParliament Budget SessionParliamentRahul GandhiLok SabhaRajnath Singh
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





