भारत

राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- 'सत्ताइस में सपा साफ' होने जा रही है

jantaserishta.com
14 Oct 2026 10:10 AM IST
राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- सत्ताइस में सपा साफ होने जा रही है
x
लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन में अखिलेश यादव की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्हें दिल्ली में अपने राजनीतिक सहयोगियों के बीच कथित तौर पर तिरस्कार का सामना करने वाला बताया।
ओमप्रकाश राजभर ने राहुल गांधी का नाम लेकर भी निशाना साधा और दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में कमजोर पड़ने जा रही है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा है, "अखिलेश यादव, दिल्ली में पिछलग्गू बनके घूमने में मजा आ रहा है कि नहीं? ठगबंधन में आपकी असली हैसियत आपके दिल्ली वाले मतलबी दोस्तों ने सबके सामने दिखा दी। ऐसा लग रहा है आपको बराती वाले ट्रैक्टर पर जबरिया ठूंस दिया गया हो। जैसे कि आप दूल्हा के दोस्त के ममेरे भाई के नाराज फूफा जी हों।"
उन्होंने आगे लिखा, "आपके समर्थक भी सोच रहे होंगे कि हम लोग जिनको 'अवतारी भैया-जी' बताते नहीं थकते थे, हमारे वही भइया जी, सबके सामने खुद ही 'लोडर' बनके भीड़ में खो जा रहे हैं। कुर्सी की ख्वाहिश पाले दरी बिछाने में लगे हैं। नैया की पतवार बड़के भैया राहुल जी के हाथ में चली गई है। और जाइए, भाग-भाग के दिल्ली! करा लिए न घनघोर बेइज्जती?"
राजभर ने यह भी कहा कि चुनाव उत्तर प्रदेश में हैं और अखिलेश यादव दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। उन्होंने लिखा, "वे दूसरे की बारात में कब तक सहबाला बनेंगे? उन्हें जान लेना चाहिए कि दिल्ली वाले मतलबी दोस्तों से अखिलेश को सिवाय तिरस्कार के कुछ नहीं मिलने वाला। जैसे वे (अखिलेश) दिल्ली की भीड़ में खो गए, वैसे ही इस बार यूपी में भी विपक्ष की भीड़ में कहां होंगे पता नहीं चलेगा।"
वहीं, समाचार एजेंसी से बातचीत में राजभर ने अखिलेश यादव और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'इंडिया ब्लॉक' के विरोध प्रदर्शन पर जवाब दिया। उन्होंने कहा, "विपक्ष के पास कोई काम नहीं बचा है। इसलिए वे लगातार विरोध कर रहे हैं।"
अखिलेश के बयान 'भाजपा पैसे को छोड़कर किसी की सगी नहीं है' पर राजभर ने कहा, "जब वो (अखिलेश यादव) अल्लाह को धोखा दे दिए, भगवान राम को धोखा दे दिए, तो अपने गिरेबान में झांक के देखें, दूसरे को क्या कह रहे हैं।"
समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर राजभर ने कहा, "वे लंबे समय से भाजपा के साथ हैं। आज बस औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। समाजवादी पार्टी के जो अन्य विधायक पार्टी से नाखुश हैं, वे भी इसे छोड़कर भाजपा में शामिल होंगे।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story