भारत
राजा रघुवंशी हत्याकांड, सोनम की जमानत रद्द कराने हाई कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार
Tara Tandi
1 Jun 2026 10:59 PM IST

x
Indore इंदौर | इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपित सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द कराने के लिए मेघालय सरकार ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले की सुनवाई सोमवार को हुई, जिसमें सरकार की ओर से अदालत में विस्तृत पक्ष रखा गया। राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि किन साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर इस मामले में सोनम रघुवंशी सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी।
सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता ने कोर्ट को यह भी अवगत कराया कि जांच के दौरान मिले सबूतों और गवाहियों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। सरकार ने यह तर्क दिया कि मामला गंभीर प्रकृति का है और जमानत पर बाहर रहने से जांच और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर सोनम की जमानत को निरस्त करने की मांग की गई है।
अब इस मामले में अगली सुनवाई 3 जून को निर्धारित की गई है। उस दिन सोनम रघुवंशी की ओर से उनके वकील अदालत में अपना पक्ष रखेंगे और जमानत आदेश को यथावत रखने की दलील पेश करेंगे। अदालत दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद आगे का निर्णय लेगी।
यह मामला मेघालय के शिलांग से जुड़ा हुआ है, जहां इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या की घटना सामने आई थी। जांच में सामने आया था कि इस हत्या में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी, कथित प्रेमी राज और उसके तीन अन्य साथियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद मेघालय पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
फिलहाल सोनम रघुवंशी जमानत पर जेल से बाहर हैं। जमानत की शर्तों के अनुसार उन्हें निर्धारित स्थान पर रहना होता है, और बताया जा रहा है कि वह इस समय शिलांग में ही मौजूद हैं। वहीं, इस मामले में नामजद अन्य आरोपित राज और उसके तीन साथी अभी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
सरकार का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और कई अहम पहलुओं पर काम किया जा रहा है। ऐसे में जमानत पर बाहर रहने से जांच प्रभावित हो सकती है। दूसरी ओर बचाव पक्ष का कहना है कि जमानत आदेश कानून के अनुसार दिया गया है और उसे निरस्त करने का कोई ठोस आधार नहीं है।
Next Story





