
आज उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान का क्रम देखने को मिल सकता है तो वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है। मौसम में आया ये परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ के कारण है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की बात की जाए तो देश की राजधानी दिल्ली सहित, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के साथ-साथ 12 राज्यों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन-चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी भारत में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई इलाकों में 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर देश की राजधानी में 9 अप्रैल को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है, जिसमें अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, इस दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल को दिल्ली के आसमान साफ रहेगा। दिन के समय 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में आज (9 अप्रैल) आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट है। ऐसे में राज्य में तापमान 2 से 4 डिग्री और गिरेगा। IMD के अनुसार 9 अप्रैल को अलीगढ़, मधुरा, हाथरस कासगंज एटा आगरा फिरोजाबाद मैनपुरी, इटावा एवं आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। जबकि गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा के आसपास के इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 11 अप्रैल को भी मौसम कुछ इसी तरह रहने का अनुमान है।
बिहार IMD ने बिहार में भी 9 अप्रैल को आंधी-बारिश के साथ वज्रपात होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दरभंगा, मधुबनी, अररिया, समस्तीपुर, वैशाली, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और किशनगंज समेत आसपास के जिलों में कल हल्की बारिश हो सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य में 10 अप्रैल से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राज्य के किसी भी भाग में बारिश होने की संभावना नहीं है।
राजस्थान राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव जारी रहेगा, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, आज (9 अप्रैल) से मौसम में सुधार होने की संभावना है और राजस्थान में अधिकतर शुष्क मौसम रहेगा। IMD के मुताबिक 9 अप्रैल से अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है। 10 अप्रैल से तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और नागौर जैसे जिलों में भी ओलावृष्टि के साथ-साथ तीव्र वर्षा की संभावना है। राजधानी जयपुर में भी भारी बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट होगी। फिलहाल, 10 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है। जोधपुर, बीकानेर, श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, दौसा, अलवर, नागौर, टोंक, भरतपुर और धौलपुर सहित कई जिलों में बारिश का अनुमान है। हालांकि, इस साल मई और जून में भीषण गर्मी पड़ने की भी आशंका है।
मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में आज (9 अप्रैल) से साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखेगा। 10 अप्रैल से मौसम शुष्क हो जाएगा। इसके अलावा शनिवार 11 अप्रैल से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सिस्टम वेस्ट रीजन में सक्रिय हो रहा है। इसका असर एमपी पर देखा जा सकता है। प्रदेश के 32 जिलों में आंध-बारिश का अलर्ट है, जिनमें भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकला, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, निवाड़ी, मैहर, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ शामिल हैं।
उत्तराखंड उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में इन दिनों हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है। जबकि मैदानी इलाकों में धूप निकल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 अप्रैल को राज्य में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 10 अप्रैल को बारिश और बर्फबारी के बीच तापमान गिर सकता है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के बावजूद केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बर्फ हटाने, पथरीले रास्तों को सुधारने और टेंट-होटल व्यवस्था की तैयारी भी तेजी से चल रही है।
हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 9 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जबकि पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। शिमला, कांगड़ा, कसौल, कुफरी समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।





