भारत

30 सितंबर तक बारिश जारी रहने के आसार, हिमाचल में भूस्खलन से तीन कारें क्षतिग्रस्त

Kunti Dhruw
26 Sep 2021 5:26 PM GMT
30 सितंबर तक बारिश जारी रहने के आसार, हिमाचल में भूस्खलन से तीन कारें क्षतिग्रस्त
x
हिमाचल प्रदेश में 30 सितंबर तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश में 30 सितंबर तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार इस दौरान राज्य के विभिन्न भागों में बारिश के आसार हैं। केंद्र के अनुसार मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले भागों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। वहीं, प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है जबकि अधिकतम तापमान सामान्य है। उल्लेखनीय है कि अभी भी मंडी जिला में पांच और कुल्लू में दो सड़कें बंद हैं।

वहीं, राजधानी शिमला में भूस्खलन का सिलसिला जारी है। शहर के उपनगर पंथाघाटी में भूस्खलन होने के बाद सड़क पर आए मलबे से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दोनों वाहन सड़क किनारे पहाड़ी के नीचे पार्क थे। एक कार की छत, जबकि दूसरे वाहन के बंपर को नुकसान पहुंचा है। रविवार को लोक निर्माण विभाग ने सड़क से मलबे को हटा दिया है। कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। उधर, रविवार को प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौका का निरीक्षण किया।
हाईवे पर पहाड़ी दरकी
उधर, जालंधर-मंडी वाया धर्मपुर नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे लौंगणी के पास पहाड़ी दरक गई। इससे सड़क से गुजर रही एक कार भूस्खलन की चपेट में आ गई। कार में बैठे चालक ने मुश्किल से जान बचाई। उसे मामूली चोटें आई हैं। भूस्खलन के बाद मार्ग बंद हो गया। तीन घंटे के बाद हाईवे को बहाल कर दिया गया है। रविवार को मौसम साफ होने के चलते धूप खिली थी। धर्मपुर के खैलग निवासी बाबूराम दोपहर कार से अपने घर धर्मपुर लौट रहे थे।
जैसे ही वह लौंगणी के पास पहुंचे तो पहाड़ से चट्टानें और पेड़ सड़क पर गिरने लगे। भूस्खलन की चपेट में आने से कार भी मलबे में दब गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया। बाबूराम ने बताया कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। कार पर मलबा गिरने से नुकसान पहुंचा है। उन्हें हल्की चोटें आई हैं लेकिन जान बच गई। एनएचए के कनिष्ठ अभियंता अमरजीत शर्मा ने बताया कि लौंगणी के पास हाईवे बाधित हुआ था। अब हाईवे को बहाल कर दिया है।
Next Story