भारत

रेलवे ने भोजन की गुणवत्ता में किया अपग्रेड, यात्रियों से लगातार मिल रही थी शिकायत

Nilmani Pal
13 Dec 2025 6:56 AM IST
रेलवे ने भोजन की गुणवत्ता में किया अपग्रेड, यात्रियों से लगातार मिल रही थी शिकायत
x

फाइल फोटो  

पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी आईआरसीटीसी ने देशभर में एक प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट लागू किया है, जिसका मकसद ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन की क्वालिटी में बड़ा बदलाव लाना है. इस पहल के तहत आईआरसीटीसी अब बड़े इंडस्ट्रियल किचन, नामी रेस्टोरेंट चेन और फ्लाइट कैटरर्स के साथ मिलकर यात्रियों को ताजा, साफ-सुथरा और रेस्टोरेंट स्तर का भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. रेल मंत्रालय के तहत नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम आईआरसीटीसी रोजाना करीब 16.5 लाख भोजन परोसता है. यात्रियों की बढ़ती अपेक्षाओं को देखते हुए अब एक नया मॉडल आजमाया जा रहा है, जिसमें खाना तैयार करने और उसे परोसने की जिम्मेदारी अलग-अलग की गई है. इस मॉडल के तहत अनुभवी फूड ब्रांड्स बड़े पैमाने पर भोजन तैयार करेंगे और ट्रेनों में उसकी सप्लाई की जाएगी.

यह PoC देश के अलग-अलग रेलवे जोन की चुनिंदा ट्रेनों में शुरू किया गया है, खास तौर पर नई पीढ़ी की वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों में. इन ट्रेनों में Haldiram’s, Elior, Casino Air Caterers, ISKCON और अन्य प्रतिष्ठित ब्रांड्स भोजन उपलब्ध करा रहे हैं. आईआरसीटीसी के अनुसार, इस ट्रायल में किचन की गुणवत्ता, भोजन की तैयारी, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट और सर्विस तक हर स्तर का आकलन किया जा रहा है. नए मेनू में स्थानीय स्वाद, हेल्दी विकल्प और बेहतर प्रस्तुति पर खास ध्यान दिया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों से अब तक मिला फीडबैक बेहद सकारात्मक रहा है. स्वाद, ताजगी और साफ-सफाई में साफ सुधार देखने को मिला है. आईआरसीटीसी ने कहा है कि PoC से मिले अनुभवों के आधार पर आगे की नीति तय की जाएगी और सफल रहने पर इस मॉडल को अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है.

Next Story