प्लेटफार्म में रेल कर्मचारी की हत्या, कातिल ने ट्रेन से कटकर किया सुसाइड

यूपी। प्रयागराज रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 7/8 पर बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक विक्षिप्त युवक ने सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया। युवक ने पहले लोहे की रॉड से रेलकर्मी अमित कुमार पटेल के सिर पर प्रहार कर उनकी हत्या कर दी। बीचबचाव करने पर आरपीएफ जवान माधव सिंह पर भी जानलेवा हमला कर दिया। जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो पूर्वा एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दे दी। सीसीटीवी फुटेज से अधिकारी घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में कैरेज एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू) विभाग में मैकेनिकल हेल्पर के पद पर कार्यरत 24 वर्षीय अमित कुमार पटेल की ड्यूटी बुधवार रात प्लेटफार्म 7/8 पर थी। पुलिस ने बताया कि रात में आउटर की ओर से एक विक्षिप्त युवक लोहे की रॉड लेकर आया और अचानक अमित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें लगने से अमित लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े जिससे उनकी मौत हो गई। वहां मौजूद आरपीएफ जवान माधव सिंह यादव ने बीचबचाव की कोशिश की तो विक्षिप्त ने उन पर भी रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर भी गहरी चोटें आ गईं। जान बचाने के लिए सिपाही माधव सिंह बुंदेलखंड एक्सप्रेस पर चढ़ गए, लेकिन रास्ते में अत्यधिक खून का रिसाव होने से नैनी स्टेशन पर उतर गए। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, स्टेशन पर यात्रियों ने शोर मचाया और विक्षिप्त को पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि हमलावर वहां से भागकर पूर्वा एक्सप्रेस के सामने कूद गया। ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई।
प्रयागराज। आरपीएफ का जवान माधव सिंह की झांसी में तैनाती है। वह बुधवार को डाक ड्यूटी पर प्रयागराज मुख्यालय आए थे और रात में झांसी लौट रहे थे। घायल माधव सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरपीएफ के अधिकारी भी वहां पहुंच गए हैं।





