भारत
रेल और सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, अनुराग ठाकुर ने बताई योजनाएं
Shantanu Roy
25 Oct 2026 4:57 PM IST

x
New Delhi. नई दिल्ली। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि अगले साल तक ऊना रेलवे लाइन को जम्मू की रेलवे लाइन से जोड़ दिया जाएगा। इससे हिमाचल प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़क और रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। अनुराग ठाकुर रविवार को नई दिल्ली में हिमाचल कल्याण सभा की वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए रेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से चंडीगढ़ और दिल्ली के बीच यात्रा भी काफी सुविधाजनक हुई है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन से यात्री चंडीगढ़ से दिल्ली हवाई जहाज से भी पहले पहुंच सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अगले साल तक हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के हर जिले को फोरलेन सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके अलावा जालंधर-ऊना, गगरेट और नादौन फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों को भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और विकास को गति मिलेगी। अनुराग ठाकुर ने बताया कि करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला पीजीआई केंद्र अगले साल से काम करना शुरू कर देगा। इससे हिमाचल प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक 12 लाख लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा चुका है। उन्होंने हिमाचल से जुड़े संगठनों से अपने कार्यक्रमों में प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। साथ ही दिल्ली में रहने वाले हिमाचली उद्योगपतियों से पहाड़ी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और हिमाचल के विकास में भी योगदान होगा।
Next Story





