
उत्तर प्रदेश: चीनी के लगातार बढ़ते दामों को लेकर शासन के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में प्रशासन ने चीनी के बड़े जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में बड़े चीनी व्यापारियों के गोदामों और थोक दुकानों पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. जहां सभी के गोदामों में स्टॉक के अनुरूप चीनी मिली, वहीं छापेमारी के बाद प्रशासन ने सभी को सख्त हिदायत देते हुए मानक के अनुरूप चीनी का स्टॉक रखने का भी निर्देश दिया है.
जनपद की तहसील अमेठी के अंतर्गत राजस्व विभाग, विपणन विभाग और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक की जांच की. अधिकारियों ने गोदामों में रखे चीनी के स्टॉक और उससे संबंधित दस्तावेजों को भी खंगाला. इसके साथ ही बड़े व्यापारियों के गोदामों में रखे चीनी के स्टॉक की जांच करते हुए कागजी कार्रवाई पूरी की.
वहीं, चीनी गोदामों पर छापेमारी करने पहुंचे अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गोदामों में निर्धारित सीमा से अधिक, खासकर 4 हजार कुंतल से ज्यादा चीनी का स्टॉक पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. चीनी के बढ़ते दामों को देखते हुए प्रशासन जमाखोरी और कालाबाजारी पर लगातार नजर बनाए हुए है.
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति ने बताया कि चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर दो बड़े गोदामों पर छापेमारी की गई, जहां मानक के अनुरूप चीनी मिली है. बाकी सभी को सख्त हिदायत भी दी गई है कि मानक से ज्यादा चीनी का स्टॉक जमा न करें, नहीं तो कठोर कार्रवाई की जाएगी.





