भारत

Raid: ब्राउन शुगर–गांजा रैकेट का भंडाफोड़, 14 गिरफ्तार

SHIDDHANT
17 Feb 2026 8:49 PM IST
Raid: ब्राउन शुगर–गांजा रैकेट का भंडाफोड़, 14 गिरफ्तार
x
सात ग्राम ब्राउन शुगर और सात बाइक बरामद
जनता से रिश्ता की खबर का असर

Hazaribagh हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में नशाखोरी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कटकमदाग, लोहसिंघना और ईचाक थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर, गांजा, नकद राशि, वाहन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को सोमवार को कटकमदाग थाना क्षेत्र के ग्राम सुलताना में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद मुख्यालय एएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।


छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर तीन युवक भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। उनकी पहचान मो. आफताब, मो. जुबैद उर्फ शाहरुख और सरोज कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने अन्य सहयोगियों के नाम बताए, जिसके आधार पर उदय कुमार उर्फ नवल दांगी, पवन राज वर्मा और राहुल कुमार मेहता को भी गिरफ्तार किया गया। कटकमदाग से गिरफ्तार छह आरोपियों के पास से 111.72 ग्राम ब्राउन शुगर, 17,160 रुपए नकद, सात मोबाइल फोन, दो बाइक, एक कार और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किए गए। इसी तरह लोहसिंघना थाना क्षेत्र से आदित्य यादव उर्फ समीर, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरूनाम सिंह उर्फ सोडी को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 17 ग्राम ब्राउन शुगर, दो किलोग्राम गांजा, 47,000 रुपये नकद, दो वाहन और तीन मोबाइल बरामद हुए।

इचाक थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर इरफान अंसारी उर्फ जिगर, बबलु कुमार, एहसान खान, विशाल कुमार राणा और मो. वसीम को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सात ग्राम ब्राउन शुगर और सात बाइक जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उदय कुमार उर्फ नवल दांगी के खिलाफ पांच, इरफान अंसारी उर्फ जिगर के खिलाफ तीन और बबलु कुमार के खिलाफ दो मामले पूर्व से दर्ज हैं। छापेमारी दल में एएसपी अमित कुमार के अलावा पेलावल थाने के इंस्पेक्टर शाहिद रजा, कटकमदाग थानेदार प्रमोद कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी शांत केरकेट्टा, ईचाक थानेदार गौतम कुमार, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय तथा तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Next Story