भारत

बीमार विधायक उमाशंकर सिंह के यहां छापेमारी दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता के खिलाफ: मायावती

jantaserishta.com
26 Feb 2026 8:20 AM IST
बीमार विधायक उमाशंकर सिंह के यहां छापेमारी दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता के खिलाफ: मायावती
x
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अकेले बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमा शंकर सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर आयकर विभाग ने छापेमारी की। इस पर बसपा सुप्रीमो मायावती की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि अति-गंभीर बीमारी के दौरान की गई यह कार्रवाई अति दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता के खिलाफ है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि विधायक उमा शंकर सिंह जबसे बीएसपी में आए हैं, उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई है और आज तक उनके क्षेत्र से उनके बारे में किसी भी प्रकार से अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी गलत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है।
पिछले लगभग दो वर्षों से वे काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर उनके संबंध में कोई शिकायत मिली थी तो वे उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर उनके ठीक हो जाने के बाद पूछताछ कर सकते थे। हम किसी भी विभाग के कार्य में दखल नहीं दे रहे हैं, लेकिन आज जिस तरह से उनके ऊपर अति-गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गई है, वह अति दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता के खिलाफ है।
बता दें कि मंगलवार सुबह जल्दी तीन दर्जन से अधिक अधिकारी भारी पुलिस सुरक्षा के साथ बसपा विधायक उमा शंकर सिंह के घर पहुंचे। आयकर अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के कारण इलाके में हलचल बढ़ गई।
सूत्रों के अनुसार, आयकर टीम सुबह करीब 7 बजे पहुंची और परिसर को सील कर दिया। लगभग 30 अधिकारियों का एक दल स्थानीय पुलिस की मदद से वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।
तलाशी के दौरान अधिकारियों ने घर में पाई गई फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य रिकॉर्ड की समीक्षा शुरू कर दी। विधायक उमा शंकर सिंह बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह कैंसर से जूझ रहे हैं और अकेले बसपा के विधायक हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story