भारत

दिल्ली में आज राहुल गांधी की सभा, केजरीवाल नहीं दिखेंगे मंच पर

Nilmani Pal
18 May 2024 2:06 AM GMT
दिल्ली में आज राहुल गांधी की सभा, केजरीवाल नहीं दिखेंगे मंच पर
x
टूटा-फूटा इंडिया गठबंधन

दिल्ली। दिल्ली में आज शनिवार को आयोजित होने वाली कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी के साथ सीएम अरविंद केजरीवाल नजर नहीं आएंगे। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने दिल्ली में इंडिया गठबंधन के अपने घटक दल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को न्योता नहीं दिया है। दूसरे राज्यों में राहुल गांधी अपनी रैलियों में वहां के घटक दलों को अपने मंच पर बुलाते रहे हैं, लेकिन दिल्ली में ऐसा नहीं है। दिल्ली में गठबंधन के तहत कांग्रेस व आम आदमी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही हैं।

कांग्रेस तीन और आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सीएम केजरीवाल ने अपनी हिस्से आई सीटों पर अपने उम्मीदवारों के लिए रोड शो करने के साथ बीते दिनों कांग्रेस के दो उम्मीदवारों जेपी अग्रवाल और उदित राज के लिए उनकी लोकसभा सीटों पर रोड शो करके वोट मांगे थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की बड़ी रैलियों के मंच पर केजरीवाल नजर आएंगे। कांग्रेस की 18 मई को चांदनी चौक लोकसभा सीट पर आने वाले अशोक विहार इलाके में बड़ी रैली करने जा रही है। राहुल गांधी इस रैली में शामिल होकर अपने उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। इसमें आप सुप्रीमो शामिल नहीं होंगे।

राजधानी में लोकसभा की सात सीटों पर मतदान के लिए केवल एक सप्ताह का समय रह गया है। ऐसे में शनिवार को अशोक विहार स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस द्वारा रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली को कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे। यह क्षेत्र चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां से कांग्रेस पार्टी की तरफ से जेपी अग्रवाल प्रत्याशी हैं। जानकारी के अनुसार राजधानी में 25 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।

Next Story