
भोपाल। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों मध्यप्रदेश में है. राहुल गांधी ने इंदौर में मीडिया को संबोधित किया. इस दौरान राजस्थान में कांग्रेस की अंदरूनी कलह से जुड़े सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि अशोक गहलोत और सचिन पायलट दोनों ही नेता कांग्रेस के एसेट्स हैं. राहुल गांधी ने कहा, किसने किसे कहा, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता. हालांकि, राहुल ने यह भी कहा कि इसका उनकी भारत जोड़ो यात्रा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा.
राहुल गांधी मंगलवार को उज्जैन में महाकाल मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना करेंगे. राहुल गांधी उज्जैन में एक बड़ा जनसभा को भी संबोधित करेंगे. हालांकि, मंगलवार शाम को पदयात्रा नहीं होगी.
मध्यप्रदेश में कांग्रेस की यात्रा 23 नवंबर को पहुंची थी. कांग्रेस की यात्रा एमपी के 7 जिलों में 380 किमी कवर करेगी. राज्य में 12 दिन तक की यात्रा के बाद 5 दिसंबर को राजस्थान पहुंचेगी. राजस्थान में यह 15 दिन तक रहेगी. दोनों राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में इन राज्यों के लिए ये यात्रा अहम मानी जा रही है. खास बात ये है कि 2018 में दोनों राज्यों में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी. हालांकि, एमपी में कांग्रेस के विधायकों के बागी होकर बीजेपी में शामिल होने से सरकार गिर गई. इसके बाद से बीजेपी सत्ता में है.





