भारत

राहुल गांधी को बाढ़ प्रभावित गांवों में जाने से रोका गया, कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा

jantaserishta.com
15 Sept 2025 5:28 PM IST
राहुल गांधी को बाढ़ प्रभावित गांवों में जाने से रोका गया, कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा
x
गुरदासपुर: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अपने इस दौरे के दौरान वे गुरदासपुर के दीनानगर इलाके के मकोड़ा पतन रावी दरिया किनारे पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने की कोशिश की। लेकिन, जिला प्रशासन ने उन्हें रावी दरिया के पार बसे गांवों में जाने से रोक दिया। इस दौरान राहुल गांधी और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहस भी हुई।
राहुल गांधी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह दरिया पार बसे गांवों के लोगों से मिलना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मिलने से क्यों रोका जा रहा है। मौके पर मौजूद एसपी युगराज सिंह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को समझाने की कोशिश करते हुए नजर आए।
राहुल गांधी के साथ मौके पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि राहुल गांधी बाढ़ पीड़ित लोगों से मिलना चाहते थे, लेकिन जिला प्रशासन की मदद से पंजाब सरकार ने उन्हें रोक दिया, जबकि लोग उनकी राह देख रहे थे। चन्नी ने आरोप लगाया कि बाढ़ से पहले सरकार ने कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए। सरकारी लापरवाही के कारण ही यह बाढ़ आई और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसकी जिम्मेदार पंजाब सरकार है।
गुरदासपुर सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी राहुल गांधी को रोके जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोगों से मिलने आए थे, उन्हें रास्ते में क्यों रोका गया? इसका जवाब केंद्र और पंजाब सरकार को देना चाहिए। रंधावा ने आगे आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने दोनों दरियों का पानी एक साथ छोड़ दिया, जिससे पंजाब के कई इलाके डूब गए। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार इस पूरे मामले की जांच कराए।
गौरतलब है कि हाल ही में हुई भारी बारिश और दरियाओं के उफान से पंजाब के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। खेतों की फसलें नष्ट हो गईं और कई गांवों के घरों को भी भारी नुकसान हुआ है। पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश और नदियों के उफान से राज्य के 13 जिलों के 1,400 से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं। लाखों लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। वहीं, लाखों हेक्टेयर फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story