भारत

कांग्रेस अध्यक्ष जल्द बनें राहुल गांधी, पार्टी के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट ने की प्रस्ताव पारित

Kunti Dhruw
18 Sep 2021 6:50 PM GMT
कांग्रेस अध्यक्ष जल्द बनें राहुल गांधी, पार्टी के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट ने की प्रस्ताव पारित
x
कांग्रेस (Congress) के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट ने शनिवार को राहुल गांधी के लिए एक प्रस्ताव (Resolution) पारित किया है।

नई दिल्ली, कांग्रेस (Congress) के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट ने शनिवार को राहुल गांधी के लिए एक प्रस्ताव (Resolution) पारित किया है। इसमें जल्द से जल्द कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल को नियुक्त किए जाने की मांग की गई है। इसमें कहा गया है कि राहुल के नेतृत्व से पार्टी कैडर में नई ऊर्जा का संचार होगा। यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से सोशल मीडिया डिपार्टमेंट की एक्जीक्यूटीव मीटिंग 'दृष्टि 2021' में पारित किया गया है। इससे पहले, भारतीय युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग और दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस ने पिछले दिनों प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग की थी।

सोशल मीडिया डिपार्टमेंट के अध्यक्ष रोहन गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह प्रस्ताव पेश किया गया। इस प्रस्ताव में कहा गया है, 'सच के साथ खड़े होने और नागरिकों के कल्याण के बारे में बात करने का साहस और संकल्प दिखाने वाले राहुल गांधी देश के एकमात्र नेता हैं। हमारा मानना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व से देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। इसलिए, हम सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित करते हैं कि राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी जल्द से जल्द संभालनी चाहिए।'
उल्लेखनीय है कि पार्टी के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 'दृष्टि 2021' को राहुल गांधी ने संबोधित किया। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कांग्रेस की विचारधारा, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के दर्शन, संविधान एवं लोकतंत्र की बुनियाद तथा देश के सामने उपस्थित मौजूदा मुद्दों के बारे में चर्चा की। उन्होंने सोशल मीडिया विभाग के कार्यकताओं से कहा कि वह नफरत का मुकाबला प्रेम से करें तथा समाज में भाईचारा और सौहार्द को बढ़ावा दें।
Next Story